संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। पालिका के कर विभाग की ओर से जब्त किए गए अवैध होर्डिंग्स के ढांचे पालिका कार्यालय परिसर से चोरी हो गए। ट्रैक्टर-ट्राॅली में लादकर चोरी का माल ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर कराने के निर्देश ईओ को दिए हैं।
चेयरपर्सन ने बताया कि एक वीडियो प्राप्त हुई है, जिसमें पालिका स्वामित्व वाले छोटे ट्रैक्टर ट्राॅली में तीन व्यक्ति पालिका परिसर स्थित वाहन पार्किंग रामलीला ग्राउंड से कर विभाग की ओर से पिछले दिनों चलाए गए अभियान में जब्त अवैध होर्डिंग्स के छह फ्रेम के साथ-साथ कुछ अन्य लोहे के सामान को बिना किसी सूचना या अनुमति प्राप्त किए मैदान से बाहर लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इसकी जांच कराई गई तो पता चला कि वीडियो फुटेज में दिख रहा चालक पालिका का सविंदा कर्मचारी संजीव कुमार और उसके परिचित दो युवक हैं।
चेयरपर्सन ने कहा कि ये जब्त होर्डिंग्स पालिका की संपत्ति के रूप में बंधक किए गए थे। इनको लेकर कर विभाग की ओर से संबंधित विज्ञापन एजेंसी पर जुर्माना लगाया गया था। इसमें पालिका में तैनात सुरक्षा गार्ड और सिक्योरिटी एजेंसी की भी लापरवाही उजागर होती है।
ईओ को पत्र जारी करते हुए आरोपी सविंदाकर्मी संजीव सहित दो अन्य व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर कराने के निर्देश दिये हैं। साथ ही रिकार्ड कीपर तनवीर आलम को सुरक्षा कर्मी उपलब्ध कराने वाली एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गए हैं।