मुजफ्फरनगर। बारिश ने शहर के कई निर्माण और विकास कार्यों में अड़ंगा लगा दिया है। सड़कों का निर्माण अधर में लटक गया है। कुछ निर्माण कार्य प्रारंभ ही नहीं हो पा रहे। अहिल्याबाई होल्कर स्मारक का विकास और कंपनी बाग में सिंथेटिक ट्रैक का प्रोजेक्ट शुरू नहीं हो पा रहा।
शहर में राज्य और 15वें वित्त आयोग की धनराशि से करोड़ों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत चल रहे हैं। निर्माण और विकास कार्य समय समय से शुरू न कराए जाने से नाराज पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने पिछले दिनों 40 ठेकेदारों को नोटिस जारी किया था। नई मंडी डाकघर के पास डेंस रोड, करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली विश्वकर्मा चौक से टिकैत चौक तक रजबहा डेंस रोड भी शामिल है। रैदासपुरी वाली सड़क और लोक निर्माण विभाग के माध्यम से करीब 92 लाख रुपये की धनराशि से मालवीय चौक से नावल्टी चौक तक होने वाला अंसारी रोड का निर्माण भी अधर में है।
स्मारक का विकास और सिंथेटिक ट्रैक निर्माण का इंतजार : कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप और मीरापुर विधायक मिथलेश पाल ने देवी अहिल्याबाई होल्कर स्मारक पर भूमि पूजन किया था, जहां सवा करोड़ के बजट में भव्य स्मारक, पार्क और साइड पटरी निर्माण का कार्य शुरू करने की घोषणा की थी लेकिन बारिश के चलते कार्य प्रारंभ नहीं हो सका। कंपनी बाग में नगर विकास विभाग की ओर से 3.6 करोड़ रुपये के बजट में सिंथेटिक ट्रैक निर्माण, ओपन स्पेस थियेटर और लाइट वाटर बॉडी की स्थापना का कार्य शुरू होना था, लेकिन फिलहाल काम शुरू नहीं हो पाए।