मंसूरपुर के गांव घासीपुर के रेलवे फाटक पर धरना देकर बैठे भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर में घासीपुरा रेलवे फाटक पर अंडरपास का निरीक्षण करने तथा किसानों के पास रेलवे के आलाधिकारियों का प्रस्ताव लेकर आए इंजीनियर का किसानों ने घेराव कर अंडरपास को 25 फुट चौड़ा करने की मांग की। घासीपुरा रेलवे फाटक पर अंडरपास बनाया जाना प्रस्तावित है।
विगत दिनों भाकियू के नेतृत्व में किसानों ने प्रदर्शन किया था। रविवार को रेलवे के इंजीनियर आलोक कुमार कन्नौजिया घासीपुरा फाटक पर पहुंचे तथा उन्होंने किसानों का बताया कि अधिकारियों ने अंडरपास को 20 फुट ऊंचा तथा 20 फुट चौड़ा करने का प्रस्ताव किया है। जिस पर किसान बिफर गए तथा इंजीनियर का घेराव कर धरने पर बैठ गए। किसानों का कहना था कि अंडरपास की ऊंचाई पर वह सहमत हैं, मगर चौड़ाई को 25 फुट किया जाना चाहिए। जिससे दो बुग्गियां निकलने का रास्ता मिल सके।
इस मामले को लेकर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। जिस पर रेलवे इंजीनियर ने किसानों के प्रस्ताव को रेलवे के आलाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन देकर अपना पीछा छुड़ाया। किसानों ने चेतावनी दी कि उनकी मांग नहीं मानी गई तो वह कार्य नहीं होने देंगे। धरना प्रदर्शन करने वालों में भाकियू के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष चंद्रपाल फौजी, जगपाल सिंह, ओमप्रकाश, यशपाल, प्रदीप, भारतवीर, अर्जुन सिंह बालियान, महमूद, सुंदर, सचिन चौधरी आदि शामिल थे।