नगर में फोर्स के साथ फ्लैग मार्च करते डीएम ,एसएसपी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। नगर में विषम हालातों में सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर जिले में रैड स्कीम लागू की जा रही है। शनिवार को इसका सभी थाना क्षेत्रों में अधिकारियों ने परीक्षण किया। एसएसपी और डीएम ने भारी पुलिस बल के साथ शहर में पैदल फ्लैग मार्च किया।
डीएम चंद्रभूषण सिंह एवं एसएसपी अभिषेक यादव द्वारा सीएए आंदोलन के दौरान जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं किसी भी तरह की अराजकता फैलने अथवा बलवा के समय सुरक्षा की दृष्टि से रैड स्कीम तैयार की थी। इस स्कीम के तहत पूरे जिले में कम समय में पुलिस टीम कहीं भी पहुंच सकती है। सीएए आंदोलन के दौरान यह रैड स्कीम प्रभावी साबित हुई थी। शनिवार को फिर से जिले में इस स्कीम का परीक्षण किया गया। शाम के समय एसएसपी अभिषेक यादव ने एसपी सिटी अर्पित विजय वर्गीय, शहर के दोनों सीओ व तीनों थानों की पुलिस टीम को साथ लेकर पैदल फ्लैग मार्च किया। पुलिस अधिकारियों ने विषम हालातों में आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
मीरापुर में एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में फ्लेग मार्च निकाला गया। फ्लेग मार्च में क्षेत्राधिकारी शकील अहमद, थानाध्यक्ष दिनेश कुमार भारी पुलिसबल के साथ मौजूद रहे। एसपी देहात ने बताया कि आने वाले पर्व ईद उल फितर व परशुराम जयन्ती, अक्षय तृतीया पर सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त पुलिसबल क्षेत्र में तैनात किया गया है।