मुजफ्फरनगर। एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस (बर्ड फ्लू) के संक्रमण को रोकने को प्रशासन ने बड़े स्तर पर कवायद शुरू कर दी है। कुतुबपुर में मृत कौवों में बर्ड फ्लू के चलते गांव को एपी सेंटर (उपरिकेंद्र) घोषित किया है।
एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि ग्राम कुतुबपुर को एपी सेंटर घोषित किया गया है। दस किमी की परिधि में अलर्ट जोन रहेगा। एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) के नियंत्रण को सरकार के एक्शन प्लान-2021 के अनुसार दस किमी की परिधि में कुक्कुट, अंडा, मृत पक्षी, कुक्कुट खाद्य, बिछावन, कुक्कुट फार्म मशीनरी, कुक्कुट उपकरण इत्यादि का आवागमन लाना, ले जाना पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है। व्यक्तियों एवं वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। सभी नियमों का कड़ाई से पालन होगा। सर्विलांस कार्य एवं सफाई कार्य में लगे स्टाफ के वाहन इन्फैक्टिड प्रिमीसेज से 500 मीटर की दूरी पर खड़े किए जाएंगे। एपीसेन्टर से दस किमी परिधि में पोल्ट्री एवं अंडा मार्केट, दुकानें 21 दिन तक बंद रहेंगी एवं पोल्ट्री का नया स्टॉक तीन माह तक प्रारंभ नहीं किया जाएगा। प्रभावित जोन में कुक्कुट फार्मों की क्लीनिंग तथा डिसइन्फैक्शन का कार्य स्थानीय निकाय, पंचायत तथा वन विभाग की ओर से कराया जाएगा।