संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। न्यायालय परिसर में निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की गई। इस पर पालिका अवर अभियंता की ओर से निर्माणाधीन शौचालय की गुणवत्ता में आई शिकायत पर जांच की गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर निर्माण करा रहे ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत न्यायालय परिसर में पांच सीट के सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य नगर पालिका के तत्वावधान में हो रहा है। इस मामले में अपर जिला जज की ओर से पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह से शिकायत कर निर्माणाधीन शौचालय की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा किया गया था। इसके बाद उनकी ओर से मामले की जांच अवर अभियंता निर्माण कपिल कुमार को सौंप दी गई थी। अवर अभियंता ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत न्यायालय परिसर में करीब छह लाख रुपये की लागत से शौचालय और यूरीनल का निर्माण कराया जा रहा है।
बताया कि निर्माण की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत पर उन्होंने जांच की थी। सीमेंट पर तराई की कमी पाई गई, जिस कारण दीवार का सीमेंट उतर रहा था। इस मामले में निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार अंशु सिरोही को नोटिस जारी किया गया है। बताया कि वह स्वयं निर्माणाधीन शौचालय का अवलोकन समय-समय पर करते रहेंगे। ठेकेदार को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।