पुरकाजी में स्थित प्राथमिक स्वास्थ केद्र।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पुरकाजी। कस्बे में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में न तो मरीजों को इमरजेंसी चिकित्सा मिल पाती है और न ही प्रसव की सुविधा मिल रही है। मेडिकल परीक्षण के लिए भी लोगों को जिला अस्पताल जाना पड़ता है। यहां तक कि रैबीज के इंजेक्शन भी यहां नहीं मिलते।
जनपद के प्रमुख कस्बों में शामिल पुरकाजी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध न होने से नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा। मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि यहां घायल लोगों का मेडिकल परीक्षण तक नहीं हो पाता है। उन्हें मेडिकल के लिए जिला अस्पताल जाना पड़ता है। गंभीर रूप से घायल लोगों की रास्ते में ही हालत बिगड़ जाती है। इसके अलावा दो माह पूर्व अस्पताल पर तैनात नर्स का तबादला हो जाने के बाद यहां नर्स की तैनाती नहीं है। इससे अस्पताल में डिलीवरी की सुविधा भी नहीं मिलती। प्रसव के लिए निजी अस्पतालों में जाना पड़ता है और हजारों रुपये खर्च करने पड़ते हैं।
उधर, अस्पताल पर रैबीज इंजेक्शन भी नहीं हैं। इमरजेंसी सुविधा का अभाव होने से यह अस्पताल केवल रेफर सेंटर बन गया है। इससे मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सक डा. पूनम ने कहा कि अभी हाल ही में एक एमबीबीएस डाक्टर की तैनाती हुई है, जल्द ही पुरकाजी अस्पताल पर मेडिकल परीक्षण की सुविधा मिलेगी। अस्पताल में स्टाफ नर्स न होने से डिलीवरी कराने में दिक्कतें आ रही हैं। बताया कि अस्पताल पर रैबीज का इंजेक्शन उपलब्ध नहीं है, जल्द ही इंजेक्शन मंगाए जाएंगे। सीएमओ डा. पीएस मिश्रा का कहना है कि पुरकाजी अस्पताल में सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। जानकारी कर समस्याओं को दूर कराया जाएगा।