संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। हमारा परिवार सेवा संस्थान ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री वायरल किए जाने का आरोप लगाते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की।
संस्थान के जिलाध्यक्ष मनोज सौदाई एडवोकेट ने बताया कि लगातार देखने में आ रहा है कि यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो, फोटो आदि डाले जा रहे हैं। लोगों के नाम से भी उनकी फर्जी आईडी बनाकर और उनके फोटो लगाकर अश्लील सामग्री वायरल की जा रही है। इसके बाद उन लोगों को ब्लैक मेल किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस घटना से सैकड़ों लोग आत्महत्या करने को मजबूर हुए हैं। प्रदेश महासचिव अमित अग्रवाल उर्फ बंटी ने कहा कि बच्चों के स्कूल से संबंधित अधिकांश कार्य फोन से होने लगे हैं। ऐसे में उनके सामने अश्लील वीडियो और फोटो आते है, जिससे उनकी मनोस्थिति पर बुरा प्रभाव पड़ता है। वह गलत संगत में पड़ जाते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नाम कलक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन देकर कहा कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय इस ओर संज्ञान लेकर इसे बंद कराए। उन्होंने यह भी कहा कि जागरण में भगवान के किरदार में नृत्य कराया जाता है, यह भी बंद होना चाहिए। इस मौके पर सौरभ राय, गोपी वर्मा, नरेश, दीपक वर्मा, विशाल सिंघल, गौरव माहेश्वरी, संजय गर्ग मौजूद रहे।