पालिकाओं में अटके गरीबों के आवास
2241 आवेदन पत्रों की जांच नहीं कर पाए ईओ
नगर क्षेत्रों में अब तक 7479 लोग पाए गए हैं पात्र
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना और गरीबों के बीच नगर पालिका के अधिकारियों की हीलाहवाली दूरी बढ़ा रही है। जिले की नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में 2241 आवेदन लंबित पड़े हुए हैं, लेकिन उनकी जांच कर रिपोर्ट नहीं दी जा रही।
नगरीय क्षेत्रों में रहने वाले गरीब परिवारों को आवास मुहैया कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी संचालित है। इस योजना के तहत लाभार्थी को तीन किस्तों में ढाई लाख रुपये का अनुदान दिया जाता है। नगरीय क्षेत्रों से पिछले दिनों को आवेदन लिए गए थे। इन आवेदनों की पात्रता की जांच के लिए नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को भेजा गया। जिले की दो नगर पालिकाओं और आठ नगर पंचायतों में 2241 आवेदन पत्र दोबारा जांच के लिए भेज गए, लेकिन कई दिन बाद भी इनकी जांच कर रिपोर्ट नहीं दी गई। आवेदनकर्ता नगर निकायों और डूडा कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन जांच पूरी नहीं होने से उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा।
योजना को लेकर शासन सख्त
मुजफ्फरनगर। आवास योजना को लेकर शासन काफी सख्त है। जिले के शहरी क्षेत्रों में करीब 17 हजार आवेदन पत्र आए थे। जांच के बाद सात हजार 679 आवेदनकर्ता पात्र पाए गए। इनमें से 6400 को प्रथम किस्त, 4654 को द्वितीय और 1915 को तृतीय किस्त तक दी जा चुकी है। बाकी चयनितों को भी शीघ्र धनराशि देने की प्रक्रिया चल रही है। यदि नगर निकायों में लंबित आवेदन पत्रों की जांच भी पूरी हो जाएगा तो लाभार्थियों को आंकड़ा नौ हजार के पार हो जाएगा।
तीन किस्तों में मिलते हैं ढाई लाख
शहरी क्षेत्र में रहने वाले गरीब परिवारों को आवास निर्माण के लिए ढाई लाख रुपये 50 हजार, 1.50 लाख तथा 50 हजार की तीन किस्तों में दिए जाते हैं। योजना में ऐसे परिवारों को लाभ दिया जाता है। कच्ची छत के अथवा जर्जर मकान हैं। योजना में शामिल होने के लिए स्वयं की भूमि होनी आवश्यकता है।
इन्होंने कहा...
जो पात्र पाए गए हैं उनके खातों में धनराशि भेज दी गई है। 2241 आवेदन नगर पालिकाओं में लंबित हैं। उनकी जांच रिपोर्ट आ जाए तो उन्हें भी लाभ दे दिया जाएगा।
- संदीप सिंह, पीओ डूडा।
नगर निकायों में लंबित आवेदन पत्र
नगर निकाय लंबित आवेदन
मुजफ्फरनगर 1320
भोकरहेड़ी 14
बुढ़ाना 135
चरथावल 86
जानसठ 50
खतौली 373
पुरकाजी 95
शाहपुर 147
सिसौली 21
कुल 2241