बकरीद की तैयारी : पुलिस अधिकारियों ने किया पैदल मार्च
मुजफ्फरनगर। 21 जुलाई को ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से तैयारियों में जुट गया है। इसी क्रम में मंगलवार शाम पूरे जनपद में अफसरों ने भारी फोर्स के साथ सड़कों पर उतरकर फ्लैग मार्च किया।
शहर में एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गी के नेतृत्व में नई मंडी क्षेत्र के साथ ही शहर में भी भारी फोर्स के साथ फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान सीओ मंडी हिमांशु गौरव, सीओ सिटी कुलदीप सिंह आदि भी मौजूद रहे। फ्लैगमार्च के दौरान लोगों को शांति-सद्भावना से त्योहार मनाने के साथ ही असामाजिक तत्वों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देने का मेसेज दिया गया।
खतौली में सीओ राकेश सिंह के नेतृत्व में कस्बे की सड़कों व मुख्य बाजारों में फ्लैगमार्च किया गया। इंस्पेक्टरने बताया कि फ्लैग मार्च कस्बे के जीटी रोड, घंटाघर, गंगनहर, बिद्दीवाड़ा, जानसठ रोड, बड़ा बाजार, रेलवे रोड, अशोक स्तंभ और वीर अब्दुल हमीद चौक आदि स्थानों से होकर निकला। इस दौरान असामाजिक तत्वों को कार्रवाई का संदेश देने के साथ ही व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए भी आग्रह किया गया।
गांव छपार के साथ ही पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर भारी फोर्स के साथ फ्लैगमार्च किया गया। सीओ सदर हेमंत कुमार के नेतृत्व में भारी फोर्स के साथ निकाले गए फ्लैगमार्च में आरआरएफ के जवान भी शामिल रहे। भोपा में थाना प्रभारी के नेतृत्व में कस्बे के साथ ही मोरना व आसपास के गांवों और गंगनहर कांवड़ यात्रा मार्ग पर भारी फोर्स के साथ फ्लैगमार्च किया गया। क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों से संपर्क कर उन्हें आगामी त्योहारों के मद्देनजर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी सिटी ने किया सिविल लाइंस थाने का निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गी ने मंगलवार दोपहर शहर के सिविल लाइंस थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान अपराध रजिस्टर के साथ ही असलहा को भी चेक किया गया। इंस्पेक्टर से थाने की लंबित विवेचनाओं के बारे में जानकारी हासिल की गई। कानून व्यवस्था के संबंध में इंस्पेक्टर को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए।