मुजफ्फरनगर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी चार सितंबर को मनाई जाएगी। इसके लिए महिलाओं ने लड्डू गोपाल के शृंगार और घर में झांकी सजाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर के बाजारों में कान्हा की पोशाकों और सजावटी सामान की खरीदारी तेज हो गई है।
बाजारों में कान्हा की रंग-बिरंगी पोशाकें, मुकुट, बांसुरी, मोरपंख और झूले सज गए हैं। महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार शृंगार सामग्री खरीद रही हैं। मोती और जरी से सजी पोशाकें विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। भगत सिंह रोड, नई मंडी, शिव चौक और सर्राफा बाजार में खरीदारी का सिलसिला चल रहा है। लड्डू गोपाल के लिए पीले, लाल, गुलाबी, हरे, नीले और सफेद रंग की पोशाकें उपलब्ध हैं। इन पर मोती, जरी, गोटा-पत्ती, सितारे और चमकीले नग लगाए गए हैं।
बाजार में राधा-कृष्ण की प्रतिमाएं, गाय-बछड़े की आकृतियां, मटकी, माखन की हांडी, रंगीन पर्दे, झालर और अन्य सजावटी सामान उपलब्ध हैं। शृंगार के लिए मुकुट, मोरपंख, बांसुरी, हार, कंठी, बाजूबंद, कड़े, पायल, कमरबंद और झुमके भी बाजार में हैं। मुकुट करीब 30 से 300 रुपये, बांसुरी 20 से 150 रुपये और मोरपंख 10 से 50 रुपये तक में मिल रहे हैं। भगत सिंह रोड स्थित दुकान की संचालिका अदिति ने बताया कि जन्माष्टमी के नजदीक आने से पोशाक, मुकुट और झूले की खरीदारी बढ़ी है। महिलाओं और बच्चों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी को लेकर विशेष उत्साह है।