ईद-उल-अजहा पर मुल्क की तरक्की के लिए मांगी दुआ
मुजफ्फरनगर। ईद-उल-अजहा का पर्व शहर से लेकर देहात तक परंपरागत ढंग से मनाया गया। कोविड गाइड लाइन का पालन किया गया। ईदगाहों में नमाज की पाबंदी के कारण लोगों ने घरों और मस्जिदों में नमाज पढ़ी। पुलिस प्रशासन सतर्क रहा।
चरथावल में घरों में नमाज हुई और मस्जिदों में ज्यादा लोग एकत्रित नहीं हुए। ईदगाह पर पुलिस का पहरा रहा। मस्जिदों में लोगों ने मुल्क की खुशहाली और अमन चैन के लिए हाथ उठाकर दुआ मांगी। नमाज के बाद परंपरागत ढंग से कुर्बानी की गई। थाने वाली मस्जिद, जामा मस्जिद, तकिया वाली मस्जिद, डेरावाली, चौपाल वाली, मजरे वाली, डूम वाली मस्जिद आदि में नमाज खुशगवार माहौल में संपन्न हुई।
कुटेसरा, नंगला राई, लुहारी खुर्द, चौकड़ा, निरधना, न्यामू, कसौली, हैबतपुर, दधेडू कलां, दधेडू खुर्द, सैदनगलां, कुल्हेड़ी आदि गांवों में भी सोशल डिस्टेंसिंग के साथ नमाज हुई। सपा के वरिष्ठ नेता मुकेश चौधरी, नगर पंचायत अध्यक्ष सतेंद्र त्यागी, पूर्व चेयरमैन सुधीर सिंघल आदि ने मोबाइल फोन पर लोगों को बकरीद बधाई दी।
पुरकाजी में अधिकांश लोगों ने घरों पर ही बकरीद की नमाज अदा की। इसके अलावा कुछ मस्जिदों में भी शासन की गाइड लाइन का पालन कर नमाज अदा की गई। इस मौके पर कस्बे की ईदगाह पर एसडीएम सदर दीपक कुमार व सीओ सदर हेमंत कुमार मय फोर्स के मौजूद रहे।
बुढ़ाना में ईद-उल-अजहा की नमाज ईदगाह पर नहीं पढ़ी गई। अधिकतर परिवारों ने घरों में ईद की नमाज अदा की। कस्बा व देहात की कुछ मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। कस्बे के ईदगाह पर पुलिस तैैनात रही। मोहल्ला मिर्दगान में स्थित कूबा मस्जिद में कारी आजाद सैफी ने ईद की नमाज पढ़ाई। बसाऊ वाली मस्जिद, इमली वाली मस्जिद, बड़ी मस्जिद व नदी रोड वाली मस्जिद में ईद की नमाज अदा हुई। इस मौके पर पूरे मुल्क में अमन चैन और कोरोना खात्मे की दुआ मांगी गई। सीओ विनय गौतम व इंस्पेक्टर संजीव कुमार पुलिस बल के साथ कस्बा व देहात क्षेत्र में गश्त करते रहे।
छपार क्षेत्र में बकरीद के त्योहार पर मुस्लिम ने घरों में ही नमाज अदा की। मस्जिदों में नमाज नहीं पढ़ी गई। खुड्डा, खामपुर, बरला, बसेड़ा, तेजलहेड़ा, दतियाना, कासमपुर आदि सभी गांवों में बकरीद का त्यौहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। कुर्बानी भी पुरानी जगह पर ही हुई। खुले में कही कुर्बानी नहीं की गई।
ड्रोन कैमरे से की गई निगरानी
खतौली। ईद-उल-अजहा की नमाज अधिकांश लोगों ने घरों में अदा की। ईदगाह पर नमाज नहीं हुई। सुरक्षा के लिहाज से सभी मस्जिदों, ईदगाह, तिराहे पर पुलिस बल तैनात रहा। ड्रोन कैमरे से भी निगरानी रखी गई। ईद की नमाज के बाद कुर्बानी की रस्म की गई। लोगों ने एक दूसरे को फोन, ईमेल, वाट्सअप, मैसेज के द्वारा मुबारकबाद दी।
यूसुफपुर में खुले में कुर्बानी की सूचना पर दौड़ी पुलिस
भोपा। कस्बे समेत आसपास के क्षेत्र में ईद-उल-अजहा की नमाज लोगों ने घरों में पढ़ी। पुलिस मस्जिदों व ईदगाहों पर तैनात रही। बेलड़ा, जौली, नंगला बुजुर्ग, रहकड़ा, बेहड़ा थ्रू, पटोली, रुड़कली, किशनपुर आदि में भी बकरीद का पर्व शांति सौहार्द के साथ मनाएगा। दोपहर में यूसुफपुर में खुले में कुर्बानी किए जाने की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची, मगर ऐसा कुछ नहीं मिला।
भोपा में मस्जिद के बाहर मुस्तैदी के साथ खड़ी पुलिस।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पुरकाजी में ईदगाह के पास मौजूद एसडीएम सदर व सीओ सदर- फोटो : MUZAFFARNAGAR
खतौली में घर पर ही ईद की नमाज अदा करते हुए।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
खतौली में घर पर नमाज अदा करते हुए बच्चा।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
जानसठ में ईदगाह के बाहर तैनात पुलिस बल- फोटो : KHATAULI