-निरधना गांव में गोकशी के वांछित आरोपी के घर दबिश देने गई थी पुलिस
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
चरथावल। निरधना गांव में वांछित को पकड़ने गई पुलिस पार्टी पर हमला कर प्रधान ने आरोपी को छुड़ा लिया। इसके बाद हिस्ट्रीशीटर गोकशी का वारंटी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने प्रधान को गिरफ्तार कर गंभीर धाराओं में चालान कर दिया।
थाना प्रभारी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि मंगलवार रात पुलिस गोकशी के वारंटी दानिश को गिरफ्तार करने के लिए गई थी। पुलिस को मालूम हुआ कि ग्राम प्रधान आलम ने आरोपी को घर में छिपा रखा है। सूचना पर पुलिस प्रधान के घर पहुंच गई। आरोप है उसने दरवाजा नहीं खोला। पुलिस आरक्षियों ने मशक्कत के बाद दरवाजा खुलवाया, लेकिन प्रधान ने वांछित दानिश के साथ मिलकर पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। माैके का फायदा उठाकर आरोपी दानिश फरार हो गया। पुलिस ने प्रधान को मौके से गिरफ्तार कर लिया। एसओ ने बताया कि फरार आरोपी थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। विभिन्न थानों में उसके खिलाफ गोकशी और गैंगस्टर एक्ट के 17 मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा कायम कर प्रधान का चालान कर दिया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संबंधित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।