खोखनी में ग्राम समाज की बंजर भूमि की पैमाइश की
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। एसडीएम जीत सिंह राय, सीओ राकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम ने शनिवार को गांव यूसुफपुर पिपलेहड़ा में तालाब की भूमि की पैमाइश की। पैमाइश के बाद किए गए अवैध निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया।
एसडीएम जीत सिंह राय ने बताया कि गांव यूसुफपुर पिपलेहड़ा में तालाब की भूमि पर कब्जा किया हुआ था। टीम ने तालाब की भूमि को कब्जा मुक्त कराया। चेतावनी दी कि यदि किसी ने फिर से तालाब की भूमि पर कब्जा किया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, दूसरी टीम ने गांव खोखनी पहुंचकर ग्राम समाज की बंजर भूमि की पैमाइश की। गांव में पेयजल की टंकी बनाए जाने के लिए गांव की बंजर भूमि दी गई। इस दौरान तहसीलदार आरती यादव, एसएसआई रामवीर सिंह, कानूनगो बबलू कुमार, लेखपाल नरेंद्र कुमार, राकेश गोयल सहित पुलिस टीम उपस्थित रही। एसडीएम ने बताया कि गांव खोखनी में पैमाइश कराकर 720 मीटर बंजर भूमि पानी की टंकी के लिए दी गई है। जल्द ही गांव में पानी की टंकी का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।