मुजफ्फरनगर में भोपा रोड़ पर भंडूरा के पास फैटरियों के सामने प्लास्टिक अपशिष्ट हटने के बाद नजारा
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। प्रदूषण नियंत्रण विभाग के सख्त रवैये के बाद शहर की पेपर मिलों के सामने लगे पॉलिथीन वेस्ट के ढेर हटना शुरू हो गया है। भोपा और जानसठ रोड पर करीब दो दर्जन फैक्टरियों के सामने प्लास्टिक वेस्ट का भंडारण किया गया था। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की चेेतावनी के बाद पेपर मिलों के ठेकेदारों ने 850 मीट्रिक टन प्लास्टिक अपशिष्ट हटाकर राजस्थान की सीमेंट फैक्टरी में भेजवा दिया है।
शहर की भोपा मार्ग, जौली रोड और जानसठ रोड पर पेपर मिलों में जो वेस्ट मेटेरियल ठेकदारों द्वारा आपूर्ति किया जाता है, उनमें ज्यादातर सड़ी पॉलिथीन और प्लास्टिक वेस्ट होता है। इसे जलाने से प्रदूषण फैलता है और वहां से गुजरने वाले एवं रहने वालों का बदबू के चलते सांस लेना भी दुश्वार हो जाता है। प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने पिछले महीने सभी फैक्टरी संचालकों को नोटिस देकर सड़कों पर लगे वेस्ट मेटिरियल के ढेर हटवाने के लिए निर्देश दिए थे। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी अंकित सिंह ने मौका मुआयना कर चेताया था कि जिस मार्ग पर प्लास्टिक अपशिष्ट के ढेर मिलेंगे, वहां ठेकेदारों पर सामूहिक एफआईआर दर्ज कराने के साथ क्षतिपूर्ति भी वसूली जाएगी। इसके बाद कंपनियां और ठेकेदार हरकत में आए। ठेकेदारों ने अधिकांश वेस्ट मैटेरियल को सड़कों से हटवाकर राजस्थान की सीमेंट फैक्टरी में भिजवाया दिया है। प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि अब फैक्टरियों के अंदर प्लास्टिक वेस्ट का प्रयोग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।