जानसठ के वीडीओ मृतक सत्येंद्र वर्मा । फाइल फोटो।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
ग्राम विकास अधिकारी की गोली लगने से मौत
मुजफ्फरनगर। लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली सीने में लगने से जानसठ ब्लॉक के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) सत्येंद्र वर्मा की मंगलवार शाम मौत हो गई। उनके बेटे विनीत ने तहरीर दी है।
मूलरूप से भोपा क्षेत्र के गांव मोरना निवासी सत्येंद्र वर्मा (52) जानसठ ब्लॉक में वीडीओ पद पर कार्यरत थे। पत्नी सविता, दो बेटों विनीत और वासु के साथ शहर के मोहल्ला आनंदपुरी में रह रहे थे। मंगलवार शाम करीब 3.30 बजे सत्येंद्र वर्मा घर में ही अपने कमरे में बैठे लाइसेंसी पिस्टल साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पिस्टल से गोली चल गई, जो उनके सीने में जा लगी। वह वहीं गिर पड़े। घर में उस वक्त पत्नी सविता व दोनों पुत्रवधू ही थीं। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग वीडीओ को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर सिविल लाइंस ने मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में छानबीन की। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।