संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर में विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण के साथ अब शिलान्यास पट पर जनप्रतिनिधियों के नाम लिखने के अक्षरों के आकार को लेकर भी सियासी जंग छिड़ गई है। नगर पालिका परिषद की ओर से सड़कों और अन्य निर्माण कार्यों के उद्घाटन के दौरान लगाए जा रहे शिलान्यास पट पर राज्यमंत्री एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल के नाम के अक्षर चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के नाम से छोटे रखे जाने पर आपत्ति जताई गई है। ईओ पालिका पवन कुमार ने अधीनस्थों को प्रोटोकॉल के अनुसार ही शिलान्यास पट तैयार कराने के निर्देश दिए हैं।
नगर पालिका की ओर से शहर में कराए जा रहे विकास कार्यो के शिलान्यास और उद्घाटन के लिए लगाए जा रहे पट पर चेयरपर्सन और राज्यमंत्री के नाम अंकित किए जाते हैं।
कुछ विकास कार्यों के लोकार्पण के समय लगाए गए शिलान्यास पट पर चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप का नाम बड़े अक्षरों में और राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल का नाम अपेक्षाकृत छोटे अक्षरों में लिखा जा रहा था।
इस पर राज्यमंत्री की ओर से एतराज जताया गया। राज्यमंत्री की नाराजगी सामने आते ही ईओ पालिका ने सहायक अभियंता निर्माण को पत्र लिखकर निर्देशित किया कि शिलान्यास पट पर प्रोटोकोल के अनुसार ही जन प्रतिनिधियों के नाम लिखवाए जाएं।
प्रोटोकॉल के अनुसार बड़ा होना चाहिए राज्यमंत्री का नाम
नगर पालिका ईओ पवन कुमार का कहना है कि प्रोटोकॉल के आधार पर राज्यमंत्री का नाम बड़े अक्षरों में होना चाहिए। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में निर्माण कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण के लिए तैयार होने वाले पट पर निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाए, ताकि इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
चेयरपर्सन का नाम छोटा होने पर रुक गया था भुगतान
नगर पालिका निर्माण विभाग के एक ठेकेदार ने बताया कि कुछ माह पहले उनका भुगतान सिर्फ इसलिए रुक गया था कि उनकी ओर से निर्माण कार्य पर लगवाए गए शिलान्यास पट पर चेयरपर्सन का नाम राज्यमंत्री के नाम की तुलना में छोटा लिखा गया था।
वर्जन
शिलान्यास पट पर मेरा नाम लिखा जाता है, लेकिन उसे छोटा या बड़ा करने को लेकर कोई दिशा-निर्देश मेरे स्तर से जारी नहीं किए गए। निर्माण विभाग नियमानुसार शिलान्यास पट पर नाम लिखवाए मुझे कोई आपत्ति नहीं हैं। - मीनाक्षी स्वरूप, चेयरपर्सन
निर्माण कार्यों के बाद लगवाए जाने वाले शिलान्यास पट पर नाम के छोटे या बड़े आकार को लेकर मुझे किसी प्रकार की आपत्ति नहीं है। इस मामले में संबंधित विभाग को प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। - कपिल देव अग्रवाल, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार