मुजफ्फरनगर। शादी समारोह में दुल्हन पर हमला प्रकरण में आरोपी दंपती की भूमिका को लेकर पुलिस उलझी हुई है। पीड़ित पक्ष ने मामले में दोनों को षडयंत्र का आरोपी बनाया था। पुलिस हमले के आरोपी युवक को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शामली जनपद के कैराना निवासी एक परिवार की बेटी की 25 नवंबर को मंसूरपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर एक होटल में शादी थी। रिश्तेदार, परिवार के सभी लोग शादी समारोह में शामिल थे। इसी दौरान कैराना का ही रहने वाला दीपक भी शादी में शामिल होने के लिए पहुंचा था। वह दुल्हन के पास उसके कमरे में जा पहुंचा था। उसने वहां दुल्हन के गले पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया था। दुल्हन के परिजनों ने आरोपी युवक को हमले व उसके पिता अनिल व माता अंजलि को हमले में षडयंत्र का आरोपी बता कर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस आरोपी दंपती को लेकर अभी तक जांच पड़ताल में उलझी है।
पुलिस अभी इस मामले मेंं साक्ष्य एकत्र करने में जुटी है। थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी दंपती के खिलाफ पीड़ित पक्ष कोई सबूत नही दे सका। सीओ खतौली राम आशीष यादव ने बताया कि मामले में अभी जांच चल रही है।