शरारती तत्वों को ढूंढने निकली पुलिस
मुजफ्फरनगर। विधानसभा चुनाव अभी कई माह दूर है, लेकिन पूरे प्रदेश में चुनावी माहौल बनने लगा है। चुनाव में कोई गड़बड़ न हो, इसके लिए पुलिस भी अलर्ट हो गई है। पुलिस ने चुनाव से पहले जिले भर में जिंदा व मृत शरारती तत्वों की पड़ताल शुरू करते हुए सूची बनानी शुरू कर दी है।
चुनाव से पहले शरारती तत्व अपनी हरकत करनी शुरू कर देते है। इन शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए थाना पुलिस हर बार एक सूची तैयार करती है, ताकि उन पर नजर रखी जा सके। इन को पुलिस लाल कार्ड भी जारी करती है। चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस अधिकारियों ने कमर कस ली है। जिले के सभी थाना प्रभारियों ने लोकसभा व विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्व में शरारती तत्वों की मोहल्लावार तैयार की सूची को बाहर निकाल लिया है। सूची के आधार पर थाना में तैनात चीता पुलिस की टीम सभी शरारती तत्वों के घरों पर जाकर दस्तक देने लगी है। मुख्य रूप से पुलिस ऐसा कर यह जानकारी कर रही है कि पिछले समय से अब तक किसी शरारती की मौत तो नहीं हुई है, जो जिंदा है, उसकी स्थिति कैसी है। वह किसी अपराध में शामिल तो नहीं है। पुलिस ने उन लोगों पर भी नजर लगाई है, जिनको चुनाव के दौरान पुलिस द्वारा मुचलका पाबंद कराया था। वर्तमान जानकारी करने के लिए भी पुलिस उनके घर पहुंच रही है। चुनाव से पहले इस कार्रवाई को पुख्ता तौर पर एकत्र कर पुलिस चुनाव से पहले अपनी तैयारी पूरी करना चाहती है ताकि विषम हालातों में सख्त कार्रवाई की जा सके।