ग्राम सचिव की हत्या में पुलिस की लापरवाही उजागर
तितावी (मुजफ्फरनगर)। गांव खेड़ी दूधाधारी में ग्राम सचिव अर्जुन देशवाल की हत्या के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। इस मामले में एसएसपी ने एसओ कपिलदेव और चौकी प्रभारी कुमेर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। उधर, वारदात के दौरान कांस्टेबल नदीम फायरिंग कर रहे हमलावरों से भिड़ गया और उससे घटना में प्रयुक्त तमंचा छीन लिया।
थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी दूधाधारी निवासी ग्राम सचिव अर्जुन देशवाल पक्ष का घर के सामने नाली बनाने को लेकर ग्राम प्रधान विनोद के साथ काफी समय से विवाद था। प्रधानी खत्म होने से ठीक पहले ग्राम प्रधान ने अर्जुन के घर के सामने से नाली बना दी। अर्जुन पक्ष ने इसका विरोध करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान को इसकी जानकारी दी, जिस पर उनके भाई विवेक बालियान ने गांव पहुंचकर उक्त नाली को हटाने के लिए कहा था। इस पर अगले ही दिन अर्जुन पक्ष ने उक्त नाली को पाट दिया था, जिसके चलते ग्राम प्रधान पक्ष काफी उद्वेलित था। रविवार सुबह से ही ग्राम प्रधान इस मामले को लेकर अर्जुन पक्ष को सबक सिखाने की बात कहता घूम रहा था, जिस पर ग्राम सचिव अर्जुन ने इसकी जानकारी पुलिस को देते हुए हमले की आशंका जताई।
एसओ कपिलदेव ने इसे हल्के में लेते हुए कांस्टेबल नदीम और होमगार्ड सुनील को मौके पर भेज दिया था। जैसे ही दोनों पुलिसकर्मी गांव में पहुंचे, उसी दौरान ग्राम प्रधान विनोद ने परिजनों के साथ ग्राम सचिव पक्ष पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उन पर भी हमला किया गया। ग्रामीणों के अनुसार, इस दौरान होमगार्ड सुनील तो भाग खड़ा हुआ, जबकि नदीम हमलावरों से भिड़ गया। इसी दौरान प्रधान पक्ष द्वारा फायरिंग की गई, जिसमें ग्राम सचिव अर्जुन देशवाल व उसके भाई इंदु को गोलियां लगीं, तो कांस्टेबल नदीम फायरिंग कर रहे युवक से भिड़ गया और उससे घटना में प्रयुक्त तमंचा छीन लिया। इसके बाद ही हमलावरों के पैर उखड़ गए और वे भाग खड़े हुए। एसएसपी अभिषेक यादव, एसपी देहात नेपाल सिंह व सीओ राममोहन शर्मा तितावी व भौराकलां थाने की फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। इस पर एसएसपी ने घटना में थाना पुलिस की लापरवाही मानते हुए तत्काल प्रभाव से एसओ कपिलदेव व चौकी प्रभारी कुमेर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, हमलावरों से भिड़कर तमंचा छीनने वाले कांस्टेबल नदीम की पीठ थपथपाकर एसएसपी ने उसकी हौसलाअफजाई भी की। शहर के रामलीला टिल्ला चौकी प्रभारी एसआई राजेंद्र वशिष्ठ को तितावी थाने की कमान सौंपी गई है।