खतौली क्षेत्र में एटीएम के सुरक्षा गार्ड से जानकारी करते एसएसपी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सुरक्षा चेक करने बैंकों में पहुंची पुलिस
मुजफ्फरनगर। बुलंदशहर व गाजियाबाद में एक ही दिन में दो बैंकों में लाखों की लूटपाट की घटनाओं के बाद जिले में भी पुलिस सक्रिय हो गई है। एसएसपी अभिषेक यादव ने बैंकों में पहुंच कर जानकारी ली। बैंक के अंदर व परिसर के बाहर मौजूद संदिग्ध लोगों से पूछताछ करते हुए उनकी तलाशी भी ली।
सोमवार को जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। एसएसपी ने खुद भी नगर व खतौली क्षेत्र के एटीएम व बैैंकों में पहुंच कर सीसीटीवी, अग्निशमन यंत्र, सायरन आदि व्यवस्था को चेक किया। बैंक कर्मचारियों, सुरक्षा गार्ड से बातचीत की। एसपी देहात अतुल कुमार श्रीवास्तव ने तितावी में बैंक, ग्राहक सेवा केंद्र व एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। सीओ व थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के बैंक मैनेजर, फाइनेंसर के साथ गोष्ठी की। आपराधिक घटनाओं की रोकथाम को सुझाव लिए। बैंक मैनेजर को निर्देश दिए कि बैंक एवं एटीएम में सुरक्षा गार्ड व सीसीटीवी, अग्निशमन यंत्र, सायरन जरूर हो। बैंक के ताला चाबियों को समय-समय पर चेक करते रहें। बैंक में बिना वजह घूमने वालों की सूचना पुलिस को दें। उधर, महिला सुरक्षा के लिए भी अभियान चलाया गया।