मीरापुर। संदिग्ध वैगन-आर कार सवारों को पकड़ने के लिए एक घंटे तक पुलिस और कार सवारों के बीच भागमभाग होती रही। पुलिस ने बस स्टैंड के पास पर उन्हें घेरा और फायरिंग की तो कार में सवार युवक कार छोड़कर फरार हो गए। बाद में क्षेत्र के एक प्रधान उन्हें लेकर थाने पहुंचे तो पता चला कि वह लोग बदमाश नहीं थे बल्कि पुलिस से डरकर भाग रहे थे।
थाना पुलिस मंगलवार सुबह 9.30 बजे कस्बे के मेन चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध वैगन-आर कार में सवार चार युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो कार सवार पुलिसकर्मियों को चकमा देकर वहां से भाग निकले। एसआई योगेंद्र सिंह ने वायरलेस पर मेसेज फ्लैश किया और कार के पीछे दौड़ पड़े। कार सवार थाने के सामने से निकलते हुए नहर पुल की ओर भागने लगे। पुलिस टीम कार के पीछे लगी रही, वहां से भी कार सवारों ने पुलिस को गच्चा दे दिया और डिगढेरा रोड होते हुए फिर से कस्बे में पहुंच गए।
वहां पहले से तैनात पुलिस ने कार सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार के नहीं रुकने पर पुलिस टीम ने फायरिंग कर दी। फायरिंग होते देख कार सवार चारों युवक कार को वहीं छोड़ पैदल ही भाग खड़े हुए, लेकिन पुलिस अमला उन्हें पकड़ने में नाकाम ही रहा। बाद में कार को थाने ले जाकर उसकी चेकिंग की गई, लेकिन कुछ नहीं मिला। दोपहर के समय क्षेत्र के एक ग्राम प्रधान युवकों को लेकर थाने पहुंचे और उन्हें बेकसूर बताते हुए घबराहट में उनके द्वारा कार दौड़ाने की बात कही। पुलिस ने चारों युवकों की जांच के बाद किसी तरह की क्राइम हिस्ट्री नहीं पाए जाने पर उन्हें कार समेत प्रधान की सुपुर्दगी में दे दिया। इंस्पेक्टर पंकज त्यागी का कहना है कि कार सवार बदमाशों की सूचना पर घेराबंदी की गई थी। बाद में वे पुलिस जांच में बेकसूर पाए गए, जिसके चलते उन्हें कार समेत छोड़ दिया गया।
घबरा गए थे कार सवार, फायरिंग से उड़े होश
मीरापुर। कस्बे में वाहन चेकिंग के दौरान भागे कार सवार पुलिस टीम को देख घबरा गए थे, जिसके चलते उन्होंने कार दौड़ा ली। बाद में फिर से वे गलती महसूस कर थाने आने के लिए कस्बे में पहुंचे, लेकिन बस स्टैंड के पास पुलिस टीम ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों की आशंका में पुलिस ने कार सवारों पर फायरिंग की तो युवकों के होश उड़ गए और वे कार को वहीं छोड़ किसी तरह भाग खड़े हुए। जिस तरह से घटना हुई और पुलिस फायरिंग की, उसमें किसी को गोली भी लग सकती थी।