गन्ना मूल्य वृद्धि को लेकर भाकियू का चक्का जाम आज
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन गन्ना मूल्य वृद्धि की मांग को लेकर आज जिले में दस मुख्य स्थानों पर चक्का जाम करेगी। तीनों हाईवे पूरी तरह बंद रहेंगे। जाम 11 बजे से शुरू होगा और शाम तक चलेगा। इस दौरान भाकियू बीमारों की एंबुलेंस और दुपहिया वाहनों को नहीं रोकेगी। जाम के दौरान सभी किसानों से गन्ने, पत्ती और पराली लेकर पहुंचने के लिए कहा गया है।
भाकियू ने गन्ना मूल्य को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ बिगुल बजा दिया है। लगातार तीसरी बार ऐसा हो रहा है जब गन्ना मूल्य में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। इसे लेकर भाकियू ने बुधवार को प्रदेेश भर में चक्का जाम की घोषणा की है। भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत का कहना है कि गन्ना शोध संस्थान शाहजहांपुर ने गन्ने के उत्पादन में 300 रुपये प्रति क्विंटल की लागत बताई है। ऐसे हालात में 325 रुपये के भाव में किसान का क्या बच पाएगा। प्रदेश सरकार ने बिजली, खाद और पानी के दाम बढ़ा दिए हैं। बच्चों की फीस बढ़ गई है। ऐसे हालात में किसान के बारे में नहीं सोचा जा रहा है। किसानों में गन्ना मूल्य को लेकर भारी आक्रोश है। यही आक्रोश चक्का जाम में सड़कों पर दिखाई देगा।
भाकियू की प्लानिंग के अनुसार जिले में दस स्थानों पर चक्का जाम रहेगा। इनमें तीनों हाईवे कवर किए गए हैं। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर नावला कोठी और रामपुर तिराहा और भूराहेड़ी चेकपोस्ट पर जाम रहेगा। पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर मीरापुर बाईपास और लालूखेड़ी में चक्का जाम रहेगा। मेरठ-करनाल हाइवे पर बायवाला बिटावदा में जाम रहेगा। इसके अलावा मोरना, चरथावल रोड पर बिरालसी चौकी, शाहपुर और फुगाना में जाम रहेगा। भाकियू के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि मंडल महासचिव राजू अहलावत को नावला कोठी और लालूखेड़ी में जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया है। जाम के दौरान दोपहिया वाहनों और एंबुलेंस को नहीं रोका जाएगा।
इन स्थानों पर रहेगा जाम
1-नावला कोठी एनएच 58
2-रामपुर तिराहा एनएच 58
3-भूराहेडी चेक पोस्ट एनएच 58
4-मोरना में शुक्रताल-जानसठ-लक्सर मार्ग पर
5- मीरापुर बाईपास, पानीपत-खटीमा मार्ग
6-लालूखेड़ी, पानीपत-खटीमा मार्ग
7-बिरालसी चौकी पर- चरथावल रोड
8-बॉयवाला बिटावदा में मेरठ-करनाल राजमार्ग पर
9-शाहपुर में मुजफ्फरनगर-बुढ़ाना मार्ग पर
10-फुगाना में मेरठ-करनाल राजमार्ग पर
450 रुपए कुंतल गन्ना मूल्य घोषित करने की मांग
जानसठ। भाकियू कार्यकर्ताओं की बैठक में जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान ने कहा कि सरकार ने तीन साल से एक रुपया भी गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाया। इसे लेकर किसानों में रोष व्याप्त हैं। भाकियू ने 450 रुपए कुंतल गन्ना मूल्य घोषित करने की मांग की है।
मंगलवार को गांव भलेड़ी में किसान सहकारी समिति पर भाकियू कार्यकर्ताओं की बैठक में धीरज लाटियान ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों का खुलेआम शोषण हो रहा है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि डीजल वाहनों में किसानों के वाहनों को छोड़कर सरकार नया कानून बनाए। पुराने वाहनों के नाम पर किसानों का शोषण किया गया, तो भाकियू सड़कों पर उतर करके धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होगी। उन्होंने किसानों की विभिन्न मांगों व सरकार द्वारा पत्ती व पुराली के नाम पर किए जा रहे शोषण के खिलाफ आज पूरे जिले में चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से मीरापुर मोंटी तिराहे पर धरना प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में किसानों के पहुंचने का आह्वान किया। बैठक में अशोक चौधरी, मास्टर महकार सिंह, खालिद गुर्जर, चौधरी सहंसरपाल, राजेंद्र पूर्व प्रधान, राजकुमार, टीटू वालिया, धर्मवीर राठी, अनुज सैनी, ओम प्रकाश शर्मा आदि मौजूद रहे।