साध्वी हत्याकांड मेें तीसरे दिन भी पुलिस खाली हाथ
भोपा। साध्वी हत्याकांड में लगातार तीसरे दिन तमाम प्रयासों के बावजूद पुलिस खुलासे की दिशा में एक कदम भी नहीं बढ़ सकी है। यहां तक कि शव के पास मिली लावारिस कार भी ट्रेस नहीं हो सकी है। हरियाणा गई टीम को जानकारी मिली कि बरामद स्विफ्ट कार चार बार बिक चुकी है। पुलिस अभी जांच पड़ताल में लगी है। इसके बावजूद थाना पुलिस जल्द वारदात के खुलासे का दावा कर रही है।
थाना भोपा क्षेत्र के भोकरहेड़ी-शुकतीर्थ खादर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को साध्वी का निर्वस्त्र शव पड़ा मिला था। शव के पास ही सफेद रंग की हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार भी रेत में फंसी खड़ी मिली थी। शव की शिनाख्त छपार क्षेत्र के गांव निवासी के रूप में हुई थी, जो करीब 15 साल पूर्व साध्वी बनकर अपना घर छोड़ चुकी थी। इसके बाद से ही वह लगातार इधर-उधर आश्रमों में रह रही थी। शव निर्वस्त्र मिलने से उनके साथ दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। मामले में साध्वी के भाई ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी, जबकि दुष्कर्म की पुष्टि के लिए शव की स्लाइड बनाकर जांच के लिए लैब भेज दी गई है। साध्वी की हत्या में चार टीमों का गठन होने के बावजूद पुलिस जांच तीन दिन बाद भी जहां की तहां रुकी हुई है। न तो पुलिस हत्यारोपियों का सुराग लगा सकी है और न ही हरियाणा गई टीमें कार मालिक को ट्रेस कर सकीं हैं। पुलिस के अनुसार जांच में शव के पास मिली स्विफ्ट कार चार बार बिक चुकी है, जिसके चलते उसके मालिक को वर्तमान कार मालिक की जानकारी नहीं है। वहीं, पुलिस की एक टीम अब साध्वी के रहने के स्थानों को चिह्नित करने में जुट गई है, लेकिन अब तक इसमें भी अधिक कामयाबी नहीं मिल सकी है। भोपा इंस्पेक्टर एमएस गिल का कहना है कि पुलिस लगातार कई बिंदुओं पर जांच कर रही है और बहुत जल्द वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।