भाकियू के रेल रोकने के दौरान स्टेशन पर तैनात फोर्स।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
रेलवे स्टेशन परिसर में मुस्तैद रही पुलिस फोर्स
मुजफ्फरनगर। कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन के तहत भाकियू के रेल रोको कार्यक्रम के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास क्षेत्र में भारी फोर्स मौजूद रही, वहीं शहर में भी पुलिस मुस्तैद रही।
भारतीय किसान यूनियन ने रेल रोको आंदोलन के तहत बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन और इस दौरान पहुंचने वाली ट्रेनों को रोकने की घोषणा की हुई थी। इसके मद्देनजर सुबह से ही भारी फोर्स रेलवे स्टेशन परिसर व आसपास मौजूद रही। एहतियातन दो कंपनी पीएसी व एक कंपनी आरआरएफ के साथ ही अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भी ड्यूटी पर लगाया गया था। वहीं, शहर क्षेत्र में भी किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी प्रमुख मार्गों व चौराहों पर पुलिस बल मौजूद रहा। जाम की स्थिति उत्पन्न होने से बचाने के लिए यातायात पुलिसकर्मी भी हर चौराहे व मुख्य मार्ग पर मुस्तैद रहे। हालांकि दोपहर 12 बजे से दो बजे तक चले भाकियू के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई, जिससे पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।
खतौली स्टेशन पर नहीं पहुंचे भाकियू कार्यकर्ता
खतौली। भाकियू के रेल रोको आंदोलन के चलते कस्बे में भी रेलवे स्टेशन पर भारी पुलिस बल मौजूद रहा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत स्टेशन परिसर के साथ ही आसपास क्षेत्र में भी पुलिस फोर्स तैनात किया गया। हालांकि निर्धारित कार्यक्रम के तहत रेलवे स्टेशन पर कोई भी भाकियू कार्यकर्ता प्रदर्शन करने नहीं पहुंचा। भाकियू मंडल महासचिव राजू अहलावत ने बताया कि रेल रोको आंदोलन मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर निर्धारित था। इसलिए खतौली को इससे अलग रखा गया।