किसान समस्याओं को लेकर टोल प्लाजा पर धरना
मुजफ्फरनगर, छपार। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा पर धरना देते हुए एसडीओ को बंधक बना लिया।
दिल्ली-दून हाईवे स्थित छपार टोल प्लाजा पर भाकियू कार्यकर्ताओं का तीन माह से धरना चल रहा है। शनिवार को बड़ी संख्या में किसान व कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर पहुंचे और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना दिया। भाकियू नेता मांगेराम त्यागी ने कहा कि सभी चीनी मिलों के पास पहले से ही किसानों का डाटा मौजूद है, लेकिन हर साल केवल घोषणा पत्र के लिए उनसे हिस्सा प्रमाणपत्र व खतौनी मांगते हुए उनका समय बर्बाद किया जा रहा है। तितावी गन्ना समिति के सचिव सतीश कुमार व खाईखेड़ी चीनी मिल के एसीएम प्रदीप त्यागी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनसे कोई भी कागजात नहीं लिया जाएगा।
इसी दौरान विद्युत निगम के एसडीओ अजय यादव टोल प्लाजा पहुंचे, जहां भाकियू कार्यकर्ताओं ने उन्हें बंधक बनाकर बैठा लिया। विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उनके समाधान की मांग की। करीब आधा घंटे तक बंधक बनाए जाने के बाद एसडीओ ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद उन्हें छोड़ा गया। इस दौरान बूटा सिंह, मनजीत सिंह, मुकीम, फरमान, सुनील त्यागी, ललित, मोनू प्रधान, अनवार, शशि, राजा, विवेक, बबलू, काला मौजूद रहे।