क्वारंटीन सेंटरों में लगे चिकित्सकों को मिलेगा अच्छा खाना
मुजफ्फरनगर। कोरोना के खिलाफ मैदान में डटे चिकित्सकों की सुविधाओं का सरकार अच्छे से ख्याल रख रही है। क्वारंटीन सेंटरों में तैनात चिकित्सकों को बेहतर भोजन उपलब्ध कराने के लिए धनराशि की स्वीकृति दी गई है। प्रत्येक चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ के लिए 500 रुपये प्रति व्यक्ति प्रतिदिन निर्धारित किए गए हैं।
कोरोना वायरस से पीड़ित या संदिग्ध मरीजों के उपचार में लगे चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टॉफ को रात-दिन ड्यूटी करनी पड़ रही है। ये लोग लंबी ड्यूटी कर संक्रमण के फैलाव को रोकने में जुटे हैं। थकान भरी ड्यूटी के बाद इन चिकित्सा कर्मियों के सामने खाने का कोई संकट न हो इसके लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था की जा रही है। शासन ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। क्वारंटीन सेंटरों, आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी करने वाले चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टॉफ को अच्छा भोजन उपलब्ध कराने के लिए 500 रुपये प्रति व्यक्ति प्रतिदिन की धनराशि स्वीकृत की गई है। उनके कपड़ों की धुलाई के लिए भी अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की गई है। यह शहरों की श्रेणी के अनुसार निर्धारित है। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. पंकज अग्रवाल का कहना है कि क्वारंटीन सेंटरों में तैनात चिकित्सकों एवं स्टॉफ के लिए 500 रुपये प्रतिदिन की दर से भोजन के लिए निर्धारित किए गए हैं। ड्यूटी के दौरान उन्हें वहीं पर रहना पड़ता है।