शादी का झांसा देकर किया शारीरिक शोषण
मुजफ्फरनगर। शहर निवासी युवती ने दूसरे मोहल्ले के प्रेमी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और फिर लगातार शारीरिक शोषण करने व किसी अन्य युवती से शादी करने का आरोप लगाया है। सीओ सिटी ने मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई किए जाने के आदेश दिए हैं।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती ने मानवाधिकार आयोग, महिला आयोग व मुख्यमंत्री कार्यालय को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह शहर के एक मोहल्ला निवासी युवक के साथ सराफा बाजार स्थित स्कूल में पढ़ती थी। स्कूल पास करने के बाद उसके उक्त युवक से प्रेम संबंध हो गए, जिसके बाद युवक उसे अपने घर ले गया और अपने माता-पिता से मिलाते हुए उसी से शादी करने की बात कही। बाद में आरोपी एक बार फिर युवती को घर ले गया, जहां शादी का झांसा देकर उसने युवती से दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी युवती का लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। आरोप है कि अब युवक ने गुपचुप तरीके से किसी अन्य युवती से शादी कर ली है। इसकी जानकारी मिलने पर जब युवती उससे व उसके परिजनों से मिली तो उन्होंने उसे चुप रहने की धमकी दी। पीड़िता की गुहार पर सीओ सिटी दीक्षा शर्मा ने शहर कोतवाली पुलिस को आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।