चरथावल में टीकाकरण के बाद उत्साहित होकर कार्ड दिखाते चिकित्सक और नर्स।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चरथावल। शुक्रवार को दूसरे चरण में कोविड से बचाव के लिए सीएचसी में टीकाकरण के चार बूथ लगाए गए। केंद्र प्रभारी डा. सतीश कुमार ने बताया कि पिछली बार कुछ कर्मचारियों को टीका लगवाने को लेकर शंका थी, जो शुक्रवार को देखने को नहीं मिली। टीकाकरण के लिए 182 कर्मचारियों की सूची बनाई गई थी, जिनमें से 159 कर्मचारियों को टीका लगा। इस बार सीएचसी की बड़ी बिल्डिंग में टीकाकरण कराया गया, जिसमें चार बूथ लगाकर दो-दो एएनएम ने टीके लगाए। डा. सतीश कुमार ने बताया सीएचसी से जुडे़ आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहित करीब 500 लोग हैं। बाकी कर्मचारियों का 28 और 29 जनवरी को टीकाकरण होगा। नोडल अधिकारी अमित सक्सेना, एआर कॉपरेटिव योगेंद्र सिंह और सीडीपीओ राजेश कुमार ने दौरा किया।
टीका लगने से उत्साहित दिखे कोरोना योद्धा
चरथावल। पूरे कोराना काल में स्वास्थ्यकर्मी अनिल कुमार ने जिला चिकित्सालय और सीएचसी पर मरीजों की कोरोना जांच की। उनका कहना था कि टीका लगने के बाद कोविड का खतरा खत्म हो गया। उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई। वह थाने के सामने लगे बूथ पर कोरोना की जांच करते हैं। वहीं बहेड़ी पीएचसी प्रभारी डा. यासिर ने टीका लगने के बाद कहा कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। टीका लगवाने में किसी को कोई समस्या नहीं है। यह पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने पूरे कोरोना दौर में सीएचसी पर 24 घंटे सेवाएं दी हैं।
मोरना पीएचसी में 231 का टीकाकरण
मोरना/जानसठ। पीएचसी मोरना में कोविड वैक्सीनेशन चरण के दूसरे राउंड में 231 स्वास्थ्यकर्मियों को कोविड वैक्सिीन लगाई गई। इस मौके पर एसडीएम जानसठ अर्मतपाल कौर ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए। मोरना पीएचसी में 300 स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना वैक्सीन लगनी थी, इनमें सिर्फ 231 का टीकाकरण हुआ। शनिवार को 170 स्वास्थ्य कर्मियों और 61 आंगनबाड़ियों का टीकाकरण हुआ। मोरना स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा.अर्जुन सिंह व भोपा प्रभारी डा. अन्नु सिंह के दिशा निर्देशन में टीकाकरण किया गया।
उधर, जानसठ के सीएचसी चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि दूसरे राउंड मे 200 की सापेक्ष 110 आशाओं, एएनएम और स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया गया। बाकी 90 एएनएम का 28 जनवरी को तीसरे चरण में टीकाकरण किया जाएगा।