मुजफ्फरनगर। स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के फार्मासिस्ट की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगने के कारण मरीजों के लिए समस्या खड़ी हो गई। ओपीडी में चिकित्सकों से परामर्श लेने के बाद लंबी लाइन में लगे रोगियों को दवा के लिए करीब दो घंटा से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा। दिक्कत बढ़ने पर सीएमओ ने जनगणना प्रशिक्षण बीच में छुड़वा फार्मासिस्ट को चिकित्सालय बुलवाया।
स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के नौ फार्मासिस्ट, तीन टेक्नीशियन और दो बाबू सहित 14 कर्मचारियों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाई गई है। सोमवार को फार्मासिस्ट नियत समय पर नगर पालिका में प्रशिक्षण के लिए चले गए। इस दौरान ओपीडी में चिकित्सकों से परामर्श लेकर दवा लेने के लिए मरीजों की लाइन डिस्पेंसरी के बाहर लगना शुरू हो गई।
करीब 10 बजे महिला और पुरुष मरीजों की दवा खिड़की के बाहर लंबी-लंबी लाइन लग गईं। गर्मी के दौरान मरीज परेशान हो गए लेकिन फार्मासिस्ट न होने के कारण दवा का आवंटन शुरू नहीं हो पाया। दवा के लिए मरीज और उनके साथ पहुंचे तीमारदारों ने नाराजगी जाहिर की।
सीएमओ ने प्रशिक्षण छुड़वा चिकित्सालय बुलवाया
दवा के लिए घंटों तक मरीजों के लाइन में लगने की जानकारी सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया को हुई। उन्होंने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को हालात से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अनुरोध किए जाने के बाद सभी फार्मासिस्ट को प्रशिक्षण बीच में छुड़वाकर चिकित्सालय की डिस्पेंसरी वापस बुलाया गया। इसके बाद दवा वितरण का काम शुरू हुआ।
दो घंटे बाद लग पाया एआरवी का टीका
रसूलपुर जाटान निवास प्रवीण शर्मा ने बताया कि वह रेबीज का टीका लगवाने जिला चिकित्सालय आया था लेकिन सुबह 11 बजे तक काउंटर नहीं खुला। करीब दो घंटा इंतजार के बाद ही एआरवी का टीका लग पाया।
नौ बजे पहुंचे अस्पताल, 11 बजे मिली दवा
मरीज शहजाद ने बताया कि उसने ओपीडी में चिकित्सक को सुबह नौ बजे दिखा दिया था। इसके बाद वह दवा की लाइन में लग गया था। लेकिन फार्मासिस्ट न होने के कारण उसे दवा के लिए दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा।