विवाहिता को प्रेमी संग भेजने पर भड़के लोग
मुजफ्फरनगर/पुरकाजी। क्षेत्र के एक गांव से लापता महिला को उसके प्रेमी संग भेजे जाने पर ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष के नेतृत्व में ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। पुरकाजी थाने का घेराव कर सीओ सदर पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए उनके ट्रांसफर की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया। एसपी क्राइम ने जांच का आश्वासन देकर धरना खत्म कराया।
पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव निवासी महिला गत 16 मई को लापता हो गई थी। अगले दिन पति ने थाने में महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शनिवार दोपहर उक्त महिला सीओ सदर हेमंत कुमार के बरला स्थित ऑफिस पहुंची और खुद को बालिग बताते हुए अपने प्रेमी संग शादी करने की बात कही। इसी दौरान महिला की ससुराल से बड़ी संख्या में ग्रामीण ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष ताजपुर प्रधान शक्ति मोहन के साथ सीओ सदर ऑफिस पहुंच गए। ग्रामीणों ने महिला से बात कराने और उसे प्रेमी संग जाने से रोकने की मांग की, लेकिन सीओ सदर ने कोर्ट के नियम के तहत इससे इंकार कर दिया।
इस पर ग्रामीणों ने महिला को रोकने के लिए उसकी गाड़ी के आगे अपनी कार लगा दी और हंगामा करने लगे। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए महिला को सुरक्षित वहां से निकाल दिया। जिससे आक्रोशित ग्रामीण पुरकाजी थाने जा पहुंचे और सीओ सदर पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए धरना देकर बैठ गए। ग्रामीणों ने सीओ सदर का स्थानांतरण किए जाने की मांग करते हुए थाना परिसर में ही खाना बनाने के लिए भट्ठियां भी मंगा लीं।
जानकारी मिलने पर एसपी क्राइम दुर्गेश सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर जांच के बाद मामले में कार्रवाई का आश्वासन देकर शाम करीब 6.30 बजे धरना खत्म कराया। ग्रामीणों ने सोमवार तक सीओ सदर का स्थानांतरण न होने पर थाने पर ही महापंचायत करने की भी चेतावनी दी गई। जिला पंचायत सदस्य अरुण त्यागी, सपा नेता सतीश गुर्जर, मनोज चौहान, रतन सिंह चेयरमैन, सुनील गुर्जर, विनय गुर्जर, सुनील वाल्मीकि, मोहित मुखिया, सचिन गुर्जर, सन्नी गुर्जर, धीर सिंह गुर्जर, दीप चंद, सुरेंद्र कुमार, आदेश कुमार, अक्षय कुमार, सोमपाल फौजी, सुंदर लाल और नीटू गुर्जर आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
मेरठ आने-जाने के दौरान परवान चढ़ा प्रेम
पुरकाजी। गांव निवासी दंपती की शादी करीब नौ साल पूर्व हुई थी। दंपती के तीन छोटे बच्चे भी हैं। शादी के बाद से ही पति महिला को उसकी पढ़ाई जारी रखवाए हुए था, जिसके सिलसिले में पिछले करीब तीन माह से महिला का नियमित तौर पर मेरठ आना-जाना लगा हुआ था। इसी दौरान महिला के किसी अन्य युवक से प्रेेम संबंध हो गए और 16 मई को वह प्रेमी संग चली गई। शनिवार को सीओ सदर ऑफिस में महिला के आने की सूचना पर पति अपने तीनों बच्चों को भी साथ लेकर पहुंचा और पत्नी से बच्चों के भविष्य की खातिर घर चलने की गुहार लगाई, लेकिन महिला ने बच्चों से भी पूरी तरह रुख मोड़ लिया।