पुरकाजी में शांतिपूर्ण पर धीमी गति से हुआ मतदान
पुरकाजी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सोमवार को क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ। ठीक सुबह सात बजे से क्षेत्र में मतदान शुरू हो गया। कई कुछ बूथों पर देरी से मतदान शुरू हुआ। इस दौरान सैनिटाइजर व मास्क का कहीं इस्तेमाल नहीं हुआ।
मतदान धीमी गति से होने के कारण घंटों तक लाइन में खड़े मतदाताओं को चिलचिलाती धूप में खड़े रहकर परेशानी उठानी पड़ी। गांव धमात में एक युवती द्वारा मतदान करने में अपनी चाची का सहयोग करने पर एजेंट द्वारा आपत्ति जताई गई, जिसे लेकर दोनों पक्षों में नोकझोंक भी हुई। गांव तुगलकपुर में सुक्का, रविंद्र, महली, मुनेश, सतीश कुमार, हिमांशु, सोनू, मनीषा व राजेंद्र व गांव भदौला में बलजिंदर कौर आदि मतदाताओं ने वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने के कारण नाराजगी जाहिर की। इन्हें मतदान नहीं करने दिया गया। उधर, आरओ आरके श्रीवास्तव ने कहा कि चुनाव आयोग की तरफ से काफी कम मात्रा में मास्क व सैनिटाइजर मिला था, जिससे कुछ मतदान केंद्रों पर मास्क व सैनिटाइजर नहीं पहुंच पाए।