-चरथावल की सीमा से सटे सहारनपुर जिले के गांव के हैं आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरथावल। स्कूल में हुई कहासुनी के बाद कयामपुर गांव के बाहरी छोर पर स्कूली छात्रों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। गनीमत रही कि गोली से कोई हताहत नहीं हुआ। आरोपी मौके से भाग गए। दहशत फैलाने वाले छात्र चरथावल सीमा से सटे सहारनपुर जिले के गांव के बताए जा रहे हैं।
थाने की सीमा का आखिरी गांव कयामपुर पड़ता है। इस गांव की सीमा सहारनपुर जिले के बड़गांव थाने की सीमा से सटी है।बड़गांव थाने के गांव दुकावड़ी स्थित इंटर काॅलेज में कयामपुर के विद्यार्थी रोजाना पढ़ने जाते हैं।
बुधवार को दोनों गांवों के छात्रों में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विद्यालय से पेपर छूटने के बाद कयामपुर के छात्र गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सहारनपुर जिले के गांव और कयामपुर के छात्रों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है इसी बीच गांव के बाहरी छोर पर एक छात्र ने फायर कर दिया।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। जांच अधिकारी एसएन दहिया ने बताया मामला गंभीर है। घटना में तहरीर मंगाकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। घटना में चिह्नित तीन आरोपियों में दो छात्र नाबालिग है। तीनों दुकावड़ी गांव के बताए गए है।