चरथावल। सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम प्लेटफार्म पर अलग-अलग गांवों के दो गुटों में हुए कमेंट को लेकर मूछों की लड़ाई सामने आई है। रविवार शाम को हैबतपुर के दर्जनों युवकों ने चरथावल में खेल मैदान के पास आकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ।
दहशत में कस्बे के युवक जान बचाकर कस्बे में भाग खड़े हुए। खौफ फैलाकर आरोपी युवक बाइकों से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
चरथावल के मुर्दापट्टी सहित कई मोहल्ले के युवक शाम को रोजाना की तरह खेल के मैदान घुमने जाते हैँ। इसी बीच दर्जनों युवकों ने आकर फायरिंग कर दी। सभासद प्रतिनिधि आलम त्यागी ने बताया कि कई राउंड फायरिंग की गई।
खौफजदा युवकों ने मोहल्ले में आकर घटना बताई, तो सैकड़ों युवक मैदान पर पहुंच गए। गनीमत रही कि आरोपी तब तक मौके से फरार हो गए थे। फायरिंग के दौरान दोनों गुट आमने-सामने नहीं आने से बड़ी घटना होने से टल गई।
कस्बा प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की पहचान करने के लिए घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने बताया सोशल मीडिया पर कमेंट को लेकर एक पक्ष की तरफ से फायरिंग की गई है। लेकिन आरोपी की शिनाख्त करने के लिए जांच की जा रही है।
कमेंट को लेकर दोनों पक्षों में बढ़ी तकरार
हैबतपुर और कस्बे के कुछ युवाओं के बीच किसी मुद्दे को लेकर इंस्टाग्राम पर बहस छिड़ गई। आरोपियों ने कस्बे के युवकों को धमकी दी। इस बात पर यहां के युवकों ने कहा कि वह मल्हूवाला कब्रिस्तान के मैदान में है। यहां आकर देखो। इस अल्टीमेटम पर दर्जनों आरोपी युवक चरथावल आ पहुंचे। उन्होंने आनन-फानन में गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। लेकिन मौके की नजाकत भांप कर कस्बे के युवक मौके से भाग गए। गोलीबारी में कोई जख्मी नहीं हुआ।