शाहपुर के गांव रसूलपुर जाटान में किसान चौपाल को सम्बोधित करते मंत्री भूपेंद्र चौधरी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार किसानों के मान सम्मान में कमी नहीं आने देगी। भाजपा ने प्रदेश के संकल्प पत्र में जिन बिंदुओं को कहा है उसे पूरा किया है। कहा कि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
शाहपुर क्षेत्र के गांव रसूलपुर जाटान में आयोजित किसान चौपाल में प्रदेश सरकार के मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने किसानों से समस्या पूछी। किसानों ने उन्हें आवारा पशुओं द्वारा नष्ट की जा रही फसलों, गन्ना मूल्य वृद्धि एवं भुगतान, डीजल पेट्रोल की कीमत में भारी वृद्धि, बिजली की बढ़ाई गई दरों के अलावा किसान क्रेडिट कार्ड से ब्याज माफ करने आदि समस्याएं बताईं। मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों सहित सभी के मान सम्मान बनाए रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था व विकास कार्य कराने को लेकर वचनबद्ध है।
गन्ना मूल्य में वृद्धि व गन्ना भुगतान के अलावा बिजली की बढ़ी दरों को लेकर सरकार गंभीर है और प्राथमिकता में है। वह किसानों की समस्याओं को मुख्यमंत्री को अवगत करा समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। किसान चौपाल में विधायक उमेश मलिक, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, कॉपरेटिव बैंक के चेयरमैन सतपाल पाल, विवेक बालियान, अशोक बालियान, जिला पंचायत सदस्य विजय चौधरी, धीरेंद्र सिंह आदि सहित ग्राम प्रधान जसवंत सिंह बालियान, पूर्व प्रधान नरेश बालियान, ग्राम प्रधान काकड़ा नीरज चौधरी मौजूद रहे।