संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। आउटसोर्स पर कंपनी बाग में रखे गए मालियों ने वेतन न दिये जाने का आरोप लगाते हुए ईओ कार्यालय के बाहर धरना दिया। ईओ ने वेतन भुगतान न होने का कारण ठेकेदार की ओर से उनके समक्ष बिल प्रस्तुत न किया जाना बताया। आश्वस्त किया कि शीघ्र ही वेतन भुगतान करा दिया जाएगा।
कंपनी बाग और शहर के डिवाइडर पर लगाए पौधों की देखरेख को आउटसोर्स पर सात मालियों को रखा गया है। बृहस्पतिवार को माली टाउनहाल पहुंचे और ईओ कार्यालय पर धरना देकर बैठ गए।
वेतन न दिये जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। माली के रूप में कार्य कर रहे हर्ष कुमार ने बताया कि उनका वर्तमान में दिसम्बर और जनवरी माह का वेतन रुका हुआ है। वो ठेकेदार से संपर्क करते हैं तो कहा जाता है कि पालिका से पैसा नहीं मिल रहा। पालिका में आते हैं तो यहां से कोई आश्वासन नहीं दिया जाता।
ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने भी मालियों से वार्ता की। जानकारी दी गई कि ठेकेदार की ओर से मासिक बिल विभाग में प्रस्तुत नहीं करने के कारण ही दो माह का वेतन रुका।
आश्वासन दिया कि दो तीन दिन में उनका वेतन ठेकेदार से जारी करा दिया जाएगा। धरना-प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से हर्ष कुमार, यश कुमार दक्ष, राहुल कुमार, जीतलाल, रितिक कुमार, गगन सैनी, मोहित कुमार शामिल रहे।