संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की माह अप्रैल की बैठक में अवैध ई रिक्शा को बंद कराने के आदेश दिए गए। जूम एप से हुई बैठक में संभावित सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नये ब्लैक स्पॉट का चिह्नांकन करने को कहा।
बैठक में एडीएम (प्रशासन) नरेंद्र बहादुर सिंह ने शहर के अन्दर अवैध रूप से चल रही ई-रिक्शा से लगने वाले जाम को लेकर नाराजगी जताई गई। ई-रिक्शा का रूट निर्धारित किये जाने के लिए एआरटीओ व यातायात पुलिस को विचार विमर्श करने को कहा। ओवर लोडिड वाहनों/गन्ने से लदे ट्रकों/अनफिट वाहनों पर कार्यवाही करने को कहा। हादसों के मद्देनजर ब्लैक स्पॉटस पर कराए गए सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा की। ब्लैक स्पॉट के सुधारीकरण का कार्य कराए जाने के लिए एनएचएआई एवं लोनिवि के अधिकारियों को निर्देशित किया।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, पुलिस अधिकारियों को शहर में अवैध बस स्टैंड/टैक्सी स्टैंड का चिह्नांकन करने के लिए निर्देश दिए। एआरटीओ को सभी ई-रिक्शा की फिटनेस, लाइसेंस चेक किये जाने के साथ ही अवैध रूप से चलाई जा रही ई-रिक्शा को तत्काल बंद कराने के आदेश दिए। बैठक में सभी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। एडीएम प्रशासन ने बताया कि हादसों की रोकथाम के मद्देनजर आदेश दिए गए हैं।