विपक्षियों ने उठाए सवाल, कड़ी कार्रवाई की बात कर रहे भाजपाई
मुजफ्फरनगर। उन्नाव में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को जलाने के मामले में विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, भाजपा से जुड़े जनप्रतिनिधि इस मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दे रहे हैं। पीड़िता की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। सभी ने इस घटना को दुखद बताते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही।
बेटी बचाओ का नारा कहां गया
सपा के वरिष्ठ नेता गौरव स्वरूप का कहना है कि सरकार का बेटी बचाओ का नारा कहां गया। जिस बेटी के साथ अपराध हुआ उसे ही जला दिया। इससे बड़ा जंगलराज क्या होगा। हैदराबाद जैसा बर्ताव यहां भी होना चाहिए। अपराध करने वालों में भय तभी होगा।
सरकार कठोर कदम उठाए
भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत का कहना है कि उन्नाव की घटना दुखद है। किसी भी बेटी के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए। सरकार ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाए। समाज में संस्कारों की कमी होती जा रही है, इस पर भी सोचने की आवश्यकता है।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल का कहना है कि उन्नाव की घटना दुखद है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ किसी भी तरह की कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।
दुखद है घटना, होगी कड़ी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश आयुष बोर्ड के अध्यक्ष डा. सुभाष चंद शर्मा का कहना है कि उन्नाव की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन इस पर त्वरित कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। मुख्यमंत्री ने एसआईटी को जांच सौंप दी है। दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
पीड़ितों को दी जाए सुरक्षा
सिविल बार एसोसिएशन के महासचिव बिजेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि महिलाओं के साथ जो दुर्व्यवहार की घटनाएं हैं, उनमें स्पीड ट्रायल डायरेक्शन के साथ जल्द से जल्द तय किया जाना चाहिए। पीड़ित को सुरक्षा मुहैया कराई जानी चाहिए।