बहन के अपहरण में मीनू त्यागी समेत तीन आरोपी बरी
मुजफ्फरनगर। एडीजे (नवम कोर्ट) ने अपहरण के मामले में मीनू त्यागी के साथ ही उसकी सास सुप्रभा व ननद इंदू त्यागी को ने बरी कर दिया है। चौथे आरोपी विक्रांत उर्फ विक्की त्यागी की मौत हो चुकी है।
शहर के सिविल लाइंस थाने में 17 मई 1999 को राजरानी ने बेटी मीनू त्यागी, दामाद विक्की त्यागी के साथ ही विक्की त्यागी की मां सुप्रभा व बहन इंदु त्यागी के खिलाफ छोटी बेटी स्वाति त्यागी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले की सुनवाई एडीजे (नवम कोर्ट) में हुई। अभियोजन की ओर से वादी राजरानी और उनके पति डॉ सुभाष सहित कई गवाहों के बयान दर्ज कराए गए थे। न्यायाधीश राधेश्याम ने दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद शनिवार को सभी तीन आरोपियों को दोषमुक्त करार देते हुए बरी कर दिया, जबकि मुख्य आरोपी विक्की त्यागी की पहले ही मौत हो चुकी है। इससे पहले मामले की सुनवाई के लिए मीनू त्यागी को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान कचहरी परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।