गोधना में डेयरी में एक भैंस की मौत, कई पशु बीमार
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। गांव गोधना में सोमवार को डेयरी संचालक की एक भैंस की अचानक मौत होने और दर्जनों पशुओं की हालत बिगड़ जाने से परिवार परेशान हो गए हैं। किसान ने स्वास्थ्य व पुलिस विभाग को दी। सूचना मिलते ही पशु चिकित्साधिकारी मय टीम के गांव में पहुंचे और बीमार पशुओं की जांच कर दवा दी।
गोधना निवासी तौफिक पुत्र मकसूद अहमद गांव में दूध की डेयरी करते हैं। सोमवार को सवेरे उसके दर्जनों पशुओं की हालत बिगड़ गई और कुछ देर बाद ही एक भैंस की मौत हो गई। उन्होंने मामले की सूचना पुरकाजी पशु चिकित्साधिकारी व पुलिस को दी। सूचना मिलने पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहित चौहान मय टीम के गांव गोधना पहुंचे और पशुओं की जांच कर दवा। इसके बाद पशुओं की हालत में सुधार होना शुरू हो गया।
इसी बीच प्रभारी निरीक्षक सुभाष गौतम भी पीड़ित के घर पहुंचे और पीड़ित से मामले की जानकारी ली। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मोहित चौहान ने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पशुओं ने रात्रि में जो घास खाई। उसमें कोई जहरीली पदार्थ आ गया। इससे पशुओं की हालत बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि पशुओं का उपचार चल रहा है। दो तीन पशुओं की हालत थोड़ी नाजुक बनी है। बाकी पशुओं की हालत में सुधार है।