मुजफ्फरनगर। विधानसभा चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी कराने को लेकर अफसरों ने कमर कस ली है। सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार ने धंधेडा और सिखरेडा में बूथों का निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं को देखने के बाद आम जनता से बात भी की।
जिले की सभी छह विधानसभा सीटों के आरओ बूथों पर पहुंचकर व्यवस्था को देख रहे हैं। सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार ने गांव धंधेडा और सिखरेडा के बूथों पर पहुंचकर व्यवस्था को देखा। बूथों पर फर्नीचर, शौचालय, पानी, टेंट अदि की व्यवस्था को देखा। मार्ग में कोई परेशानी तो नहीं है यह भी देखा। उन्होंने दोनो गांवों के आम लोगों से बात की। लोगों से अधिक से अधिक वोट डालने की अपील करते हुए यह भी पूछा कि उन्हें कोई डराता तो नहीं है। खासकर निर्बल वर्ग के वोटर्स से यह पूछा गया कि उनमें भय तो व्याप्त नहीं किया जाता। गांवों में कुछ ऐसे लोगों के नाम भी बताए जो चुनाव को प्रभावित करना चाहते हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने आश्वासन दिया कि चुनाव में किसी भी तरह की धांधली नहीं होने दी जाएगी। चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में निष्पक्ष होंगे।