उपचार न करने पर चार डॉक्टरों को नोटिस जारी, एक क्लीनिक सील
मुजफ्फरनगर। कोरोना पॉजिटिव मरीजों के उपचार को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख दिखाते हुए उपचार न करने पर चार डॉक्टर्स को नोटिस जारी किए हैं। वहीं, बीएएमएस डॉक्टर के क्लीनिक को सील भी कर दिया गया है।
कोरोना संक्रमण के चलते शासन द्वारा बतौर नोडल अफसर नियुक्त किए गए डॉ इंद्रमणि त्रिपाठी द्वारा कोरोना मरीजों के होम आइसोलेशन को लेकर की गई जांच के बाद प्रशासन के साथ ही स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना मरीजों को उपचार न मिलने की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए जनपद के चार डॉक्टरों को नोटिस जारी कर दिए हैं। सीएमओ डॉ प्रवीण चोपड़ा ने बताया कि नोटिस जारी कर सभी निजी डॉक्टर्स को कोरोना मरीज के साथ ही सामान्य मरीजों का भी उपचार किए जाने अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उन्होंने बताया कि कोरोना व सामान्य मरीजों का उपचार न करने पर जनपद के एक बीएएमएस डॉ का क्लीनिक भी सील कर दिया गया है। उधर, नोडल अफसर डॉ इंद्रमणि त्रिपाठी, सीएमओ डॉ प्रवीण चोपड़ा और सीडीओ आलोक यादव ने सोमवार शाम आईएमए हॉल में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन से जुड़े सभी डॉक्टर्स की भी मीटिंग ली। इसमें सभी निजी डॉक्टर्स को कोरोना व सामान्य मरीजों का सही उपचार करने और सभी मरीजों को गंभीरता से देखने के निर्देश दिए गए।