देवबंद (सहारनपुर)। सपा नेता और पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर ने कहा प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में धर्म परिवर्तन नहीं, सरकार परिवर्तन का मुद्दा होगा। उन्होंने कहा सरकार चुनाव से पहले सांप्रदायिक मुद्दे उठाकर अपनी नाकामियों को छुपाने का कार्य कर रही है।
सपा नेता और पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राव कारी साजिद के आवास पर पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारी में जोरशोर से जुटने को कहा। उन्होंने कहा कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नाकामियों को आमजन के बीच लेकर जाएं। प्रदेश में रोजगार मांगने वाले युवाओं और फसलों के दाम मांगने वाले किसानों को लाठी खाकर अपमानित होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा युवा और किसान विधान सभा के चुनाव में भाजपा से बदला लेंगे।
नवाब इकबाल महमूद ने कहा सांप्रदायिकता फैला झूठे वायदों के बल पर 2017 में सरकार बनाने वाले अपनी उपलब्धियां बताने के बजाए फिर से सांप्रदायिकता के बल पर लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। इसलिए हमें सावधानी के साथ इनके मंसूबों को नाकाम कर उन्हें सत्ता से बेदखल करना होगा। इस दौरान शाहिद मंजूर ने राव कारी साजिद से विधानसभा की बूथ वार स्थिति जानी। इसमें मलिक मोअज्जम, नौशाद कुरैशी, राव आसिफ, मजहर जब्बार, इकबाल अंसारी, जावेद खान आदि रहे।