समाचार पत्र वितरकों को मिलेगी आर्थिक सहायता
मुजफ्फरनगर। स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने पत्रकारों को आश्वस्त किया है कि सुबह समाचार पत्र वितरण करने वाले वितरकों को भी लॉकडाउन के दौरान सीएम की ओर से आर्थिक मदद दिलवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने शासन का पत्र भेजा है। इसके अलावा वितरकों को प्रशासन की ओर से खाद्य सामग्री का भी वितरण कराया जाएगा।
रोजाना सुबह समाचार पत्र वितरण करने वाले वितरकों की आर्थिक मदद के लिए पत्रकारों ने केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान से वार्ता की। पत्रकारों ने डॉ बालियान को समाचार पत्र वितरकों के बारे में जानकारी देकर उन्हें भी मुख्यमंत्री की ओर से डॉकडाउन में मिलने वाले 1000 रुपये की धनराशि दिलवाने की मांग की। जिस पर मंत्री डॉ बालियान ने पत्रकारों को आश्वस्त किया है कि सुबह समाचार पत्र वितरण करने वाले वितरकों को भी लॉकडाउन के अंतर्गत मुख्यमंत्री द्वारा दी जा रही 1000 रुपए की सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी समाचार पत्र बांटने वाले वितरकों को एक माह का राशन का पैकेट उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र वितरक भी एक तरह से कोरोना फाइटर्स हैं, जो सुबह-सुबह घरों में अखबार वितरित करते हैं और लोगों को समाचार पत्र की खबरों के माध्यम से सोशल डिस्टेंसिंग एवं हाथों को सैनिटाइज करने के प्रति जागरूक करते हैं। जिले के वरिष्ठ पत्रकारों की बैठक में विचार किया गया कि समाचार पत्र बांटने वाले वितरक अखबार वितरण के साथ साथ दिन में कोई अन्य काम भी करते हैं जो इस समय पूरी तरह से बंद हैं और उन्हें भी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है इसी बात से केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान को अवगत कराया गया है।