भारत आयुर्वेदिक कॉलेज में बनेगा नया कोविड अस्पताल
मुजफ्फरनगर। जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए नया कोविड अस्पताल बनाया जा रहा है। इसके लिए छपार के पास भारत आयुर्वेदिक कॉलेज का चयन किया गया है। यहां पर 200 बेड का कोविड अस्पताल बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी सप्ताह कोविड अस्पताल तैयार कर लिया जाएगा।
जिले में वर्तमान में दो स्थानों पर कोविड अस्पताल बने हैं। इनमें एक बेगराजपुर स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में है तथा दूसरा रामपुर स्थित स्वामी कल्याणदेव राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज में है। बेगराजपुर में पहले 200 बेड की व्यवस्था की गई थी। फिर 200 बेड और बढ़ाए गए। इसके बाद रामपुर कॉलेज में 70 बेड का नया कोविड अस्पताल बनाया गया। अब बीते कुछ दिनों से कोरोना के मरीज लगातार बढ़ रहे है। रोजाना 25 से लेकर 40 तक मरीज मिल रहे हैं। यह संख्या आगे बढ़ने की आशंका है, जिसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नया कोविड अस्पताल तैयार किया है। सीएमओ डॉ प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि छपार में स्थित भारत आयुर्वेदिक कॉलेज में 200 बेड का नया कोविड अस्पताल बनाया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी सप्ताह नया कोविड अस्पताल तैयार हो जाएगा।