शामली के बुढ़ाना निवासी बॉलीवुड स्टार नवाजुद्दीन सिद्दीकी के परिवार का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। परिवार की छोटी बहू कार्रवाई की मांग पर अड़ी है। दूसरी ओर, मिनाजुद्दीन के बडे़ भाई और बहू के जेठ ने भी क्रास में एसएसपी को तहरीर दी है। तहरीर में बहू के चाचा और चाची पर मिनाजुद्दीन के कमरे से नकदी, जेवर ले जाने का आरोप लगाया है।
मामला उलझने के बाद शनिवार सुबह नवाजुद्दीन सिद्दीकी दिल्ली चले गए थे। रविवार को इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इंस्पेक्टर डीके त्यागी का कहना है कि उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की सीडी की मांग की है। जिसकी जांच की जाएगी। पुलिस ने शनिवार को नवाजुद्दीन के मोहल्ले वालों से पूछताछ की थी। इस घटना में मिनाजुद्दीन की पत्नी आफरीन का आरोप है कि पुलिस इस संबंध में कोई कार्रवाई नही कर रही है।
उसकी ससुराल वाले उल्टे उसके परिवार वालों को फर्जी मुकदमे में फंसाने का प्रयास कर रहे हैं। आफरीन ने अपने परिवारों वालों के साथ एसएसपी तथा आईजी मेरठ को तहरीर देकर ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाऐ तो अब ससुराल पक्ष के लोगों ने भी एसएसपी को क्रास में तहरीर दी है।
मिनाजुद्दीन के बड़े भाई फैजूद्दीन ने भी एक शिकायती पत्र एसएसपी को दिया है। आरोप है कि 28 सितंबर को आफरीन के चाचा रियाजुद्दीन और चाची शब्बो एक बच्ची के साथ उनके घर पर आए थे। उन्होंने मिनाजुद्दीन से 15 हजार रुपये उधार मांगे। उनके मना करने पर वे मिनाजुद्दीन के कमरे की अलमारी से आभूषण, नकदी उठाकर ले गए हैं। फैजूदीन ने भी पुलिस से घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।