लोकसभा चुनाव में मतदान की तैयारी को लेकर नवीन मंडी स्थल पर ईवीएम में बैलेट पेपर लगाने और वीवीपैट में ईसीआईएल के इंजीनियरों द्वारा सिंबल लोडिंग का कार्य किया गया। डीएम अजय शंकर पांडेय ने बैलेट यूनिट में बैलेट लगाए जाने के उपरांत स्वयं बटनों को चेक करके देखा। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में कोई कार्य न किया जाए।
11 अप्रैल को होने वाले चुनाव की तैयारी में जिला प्रशासन जुटा है। आयोग के निर्देशों पर समस्त कार्यों को समय से पहले किया जा रहा है। नवीन मंडी स्थल पर जिला प्रशासन की देखरेख में ईवीएम में प्रत्याशियों के नाम और चुनाव चिह्न को फीड करने का काम किया जा रहा है। डीएम अजय शंकर पांडेय ने नवीन मंडी स्थल पर चल रही तैयारियों को लेकर निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह कार्य गंभीरता के साथ किया जाना चाहिए।
उन्होंने इंजीनियरों को भी निर्देश दिए कि सिंबल लोड करते समय पूरी सतर्कता बरते और लोड होने के बाद उससे निकली पर्ची से मिलान कर लें, ताकि कोई दिक्कत न रहे। स्ट्रॉंग रूम में ईवीएम व वीवीपैट रखने के स्थान पर मार्किंग का कार्य भी देखा। उन्होंने कहा कि वीवी पैट में पेपर लोडिंग भी करा दी जाए। नवीन मंडी में विधानसभा क्षेत्र बुढ़ाना, चरथावल, खतौली व मुजफ्फरनगर की ईवीएम में बैलेट लोडिंग कार्य व वीवीपैट में सिंबल लोडिंग का कार्य चल किया गया।
डीएम ने कहा कि बैलेट यूनिट, व वीवीपैट पर सिंबल फीडिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण करें। डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए। स्ट्रांगरूम की व्यवस्था बेहद सुरक्षा पूर्ण होनी चाहिए। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन अमित सिंह, एसपी सिटी सतपाल अंतिल, नगर मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि जिले में चुनाव ड्यूटी में लगे लगभग छह हजार कर्मचारी चार अप्रैल से अपने वोट डालेंगे। इसके लिए चार, पांच और सात अप्रैल तय की गई है। तीन अप्रैल तक समस्त प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
मतदान कर्मचारियों को ईवीएम का प्रशिक्षण दिया
एमडीए में कर्मचारियों को ईवीएम का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। जिन कर्मचारियों को शंका थी उसका निवारण किया गया। डीएम ने एमडीए में पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा। डीएम अजय शंकर पांडेय ने मौके पर पहुंच व्यवस्थाओं को देखा। ईवीएम के प्रशिक्षण में जिन कार्मिकों को पूर्ण जानकारी प्राप्त करने को लेकर शंका थी, ऐसे कार्मिक को ईवीएम व वीवीपेट की पूर्ण जानकारी के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम विकास प्राधिकरण में चलाया गया।
दस बजे से शाम पांच बजे तक इन कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। डीएम ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य यह है कि अगर ईवीएम वीवीपैट को लेकर कोई जिज्ञासा या शंका है तो उसे मतदान से पूर्व प्रशिक्षण के माध्यम से दूर करा लिया जाए। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन किसी भी प्रकार की शंका कार्मिक को नहीं रहनी चाहिए। इसीलिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी मतदान केंद्रों पर पूर्ण तैयारियों के साथ जाएंगे, जिससे कि मतदान केंद्रों पर कोई परेशानी न हो सके। उन्होंने कहा कि सभी मतदान कार्मिक प्रशिक्षण में ईवीएम मशीनों की छोटी-छोटी बारीकियों के बारे में पूर्ण जानकारी प्राप्त कर ले। सभी ईवीएम व वीवीपैट से मतदान का प्रशिक्षण प्राप्त कर ले, जिससे 11 अप्रैल को मतदान केंद्रों पर कोई दिक्कत न हो।
गैरहाजिर कर्मचारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होगा
मुजफ्फरनगर। डीएम अजय शंकर पांडेय ने बताया कि चुनाव ड्यूटी से अनुपस्थित कार्मिकों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। डीएम ने बताया कि मतदान कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण चार, पांच एवं सात अप्रैल को प्रथम पाली प्रात: दस बजे से एक बजे तक तथा द्वितीय पाली में अपराह्न दो बजे से शाम पांच बजे तक एसडी पब्लिक स्कूल भोपा रोड में दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि कोई भी कार्मिक जिनको उक्त तिथियों में प्रशिक्षण प्राप्त नहीं करता है अथवा प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुपस्थित रहता है तो संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर किसी को कोई स्वास्थ्य संबंधी परेशानी है तो कार्मिक मेडिकल बोर्ड के समक्ष उपस्थित होगा। मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर स्क्रीनिंग की जाएगी।