पुरकाजी में क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। कस्बे में स्टार क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे दिन हुए दोनों मैच मवाना की टीम ने जीतकर अगले राउंड में प्रवेश किया। मवाना ने पहले मैच में देवबंद और दूसरे मैच में मुजफ्फरनगर टीम को मात दी।
रविवार को खेले गए पहले क्रिकेट मैच में देवबंद की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में सात विकेट पर 152 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए मवाना की टीम ने रोमांचक मुकाबले में आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर मैच जीत लिया। मवाना की ओर से 32 रन बनाने के साथ ही दो विकेट भी लेने वाले खिलाड़ी बब्बन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दोपहर बाद दूसरा मैच मवाना और मुजफ्फरनगर टीम के बीच खेला गया। इसमें मवाना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मुजफ्फरनगर की टीम केवल 161 रन ही बना सकी। इस मैच में छह विकेट लेने वाले मवाना टीम के खिलाड़ी श्रेयत को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। अंपायर की भूमिका अनवर व इकबाल ने निभाई। टूर्नामेंट आयोजक स्टार क्रिकेट क्लब पुरकाजी के अध्यक्ष आरिफ अहमद व तफ़्सीर ने बताया कि क्रिकेट टूर्नामेंट तीन सप्ताह तक चलेगा, जिसमें गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मवाना, जानसठ, हरिद्वार, देवबंद की करीब 32 टीमें हिस्सा लेंगी।