टाइम बोतल बम (आइइडी) प्रकरण में गिरफ्तार जावेद व इमराना को बुधवार को पुलिस रिमांड पर लेकर आएगी। कोर्ट ने दोनों का दो दिन का रिमांड मंजूर किया है। उधर, सोमवार को जिले में जांच पड़ताल को पहुंची एनआइए की टीम वापस लौट गई है। बम बनाने वाले जावेद को बारूद की व्यवस्था कराने वाले उसके रिश्तेदार को एसटीएफ ने राडार पर लिया है। उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मिमलाना रोड निवासी जावेद से चार टाइम बोतल बम की बरामदगी व बम का ऑर्डर देने वाली प्रेमपुरी निवासी इमराना के बारे में एसटीएफ, आइबी व एटीएस टीम ने जांच-पड़ताल की थी। इस मामले में जांच के लिए सोमवार शाम एनआइए टीम शहर में पहुंची थी। इस टीम ने सोमवार शाम को जावेद व इमराना के घर पहुंच कर घरों की तलाशी ली थी। हालांकि, इस टीम को कुछ नहीं मिला था। टीम ने प्रेमपुरी व मिमलाना रोड क्षेत्र में दोनों आरोपियों के बारे में गहनता से पूछताछ भी की है।