मीरापुर निवासी शिवा अपनी पत्नी व तीन साल की बच्ची प्रियांशी के ससुराल पक्ष में आयोजित शादी समारोह में आया था। सोमवार सुबह वापस लौटते की तैयारी कर रहे थे, तभी दर्दनाक हादसा हो गया। लोगों ने नगर पालिका के खिलाफ हंगामा किया।
शादी समारोह में शामिल होने आए माता-पिता के साथ आई तीन वर्षीय मासूम प्रियांशी की खुले नाले में गिरकर मौत हो गई। काफी तलाश के बाद बच्ची का शव बरामद हुआ। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और नाले पर जाल डलवाने की मांग की। सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, मीरापुर निवासी शिवा अपनी पत्नी और बेटी प्रियांशी के साथ रुड़की रोड पर अमित के परिवार में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने आया था। सोमवार को उन्हें वापस मीरापुर लौटना था। सुबह के समय हो रही बारिश के बीच, बच्ची खेलते हुए झोपड़ी से बाहर निकल गई और पीछे बहने वाले खुले नाले में जा गिरी। इस घटना की किसी को जानकारी नहीं लग पाई।
जब परिजनों ने बच्ची को गायब पाया तो उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद, जब शक हुआ तो नाले में देखा गया, जहां बच्ची का शव पानी में पड़ा मिला। बच्ची के शव को देखकर परिजनों और आसपास की झुग्गियों में रहने वाले लोगों में कोहराम मच गया।
परिजनों का गुस्सा, नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप
बच्ची की मौत से आहत परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि नगर पालिका द्वारा नाले को खुला छोड़ा गया था, जो एक बड़ी सुरक्षा चूक है। उन्होंने तत्काल नाले को बंद करने या उस पर जाल लगवाने की मांग की। कुछ लोगों ने जाम लगाने का भी प्रयास किया, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया।
ससुराल पक्ष में थी शादी
मीरापुर निवासी शिवा की रुड़की रोड पर झोपड़ी में रहने वाले अमित के परिवार में ससुराल है। यहां परिवार की भूरी के बेटे की दो दिन पहले शादी थी। जिसमें शामिल होने के लिए शिवा अपने पत्नी व बेटी के साथ आया था।
पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम
शहर कोतवाली पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की पूरी जांच होगी।